जयपुर SMS अस्पताल में दर्दनाक हादसा, ICU में आग लगने से 7 मरीजों की मौत, CM ने दिए जांच के आदेश
Sandesh Wahak Digital Desk: राजस्थान के सबसे बड़े अस्पताल सवाई मान सिंह (SMS) अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में रविवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। ट्रॉमा सेंटर की दूसरी मंजिल स्थित न्यूरो आईसीयू वार्ड के स्टोर में आग लगने से कम से कम 7 मरीजों की मौत हो गई है, जिनमें 2 महिलाएं शामिल हैं। हादसे के बाद 4 मरीजों की हालत अभी भी बेहद नाजुक बनी हुई है।
हादसे का घटनाक्रम
रविवार रात करीब 11 बजकर 20 मिनट पर न्यूरो आईसीयू वार्ड के स्टोर में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। स्टोर में रखे पेपर, आईसीयू उपकरण और ब्लड सैंपलर ट्यूब जैसी सामग्री में आग लग गई।
आग लगने के बाद जहरीला धुआं तेजी से आईसीयू वार्ड में भरने लगा, जिससे गंभीर रूप से भर्ती मरीजों की स्थिति बिगड़ गई। ट्रॉमा सेंटर और अस्पताल के आईसीयू को मिलाकर कुल 24 मरीज भर्ती थे, जिन्हें तत्काल शिफ्ट किया जाने लगा। धुएं और आग की चपेट में आने से 11 मरीजों की हालत गंभीर हो गई, जिनमें से 7 मरीजों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। आग इतनी भीषण थी कि पूरा वार्ड जलकर खाक हो गया।
परिजनों का गंभीर आरोप
मृतकों के परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि धुआं फैलते ही वार्ड ब्वॉय और दूसरा स्टाफ मौके से गायब हो गए। उन्होंने आरोप लगाया कि काफी देर तक मरीजों को हटाने का कोई इंतजाम नहीं किया गया, जिसके चलते मरीजों के परिजनों ने ही खुद उन्हें वहाँ से बाहर निकाला।
मुख्यमंत्री ने किया दौरा, मुआवजे का ऐलान
हादसे की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा तुरंत चिकित्सा मंत्री जवाहर सिंह बेधम के साथ SMS अस्पताल पहुँचे और स्थिति का जायजा लिया। सीएम ने मृतकों के परिजनों के लिए ₹5-5 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की। उन्होंने घायलों के लिए मुफ्त इलाज का ऐलान किया। मुख्यमंत्री ने अस्पताल प्रशासन को सख्त जांच के निर्देश दिए और कहा कि ऐसी घटनाएं अस्वीकार्य हैं, दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

