जम्मू-कश्मीर में दर्दनाक हादसा, वैष्णो देवी जा रही बस पुल से गिरी, यूपी के श्रद्धालु की मौत

Sandesh Wahak Digital Desk: माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं से भरी एक बस का गुरुवार तड़के जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले में दर्दनाक हादसा हो गया। बस के पुल से नीचे गिरने से एक श्रद्धालु की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 40 से ज्यादा लोग घायल हो गए। ये सभी यात्री उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले के रहने वाले हैं।

यह दुर्घटना तब हुई जब यात्रियों से भरी बस (UP 81 BT 7688) कठुआ से कटरा की ओर जा रही थी। सांबा के जतवाल क्षेत्र में अचानक बस का टायर फट गया। ड्राइवर बस पर से नियंत्रण खो बैठा और बस लगभग 30 फीट ऊंचे पुल से नीचे जा गिरी।

हादसे के समय बस में बच्चे और महिलाएं भी सवार थीं। एक यात्री ने बताया कि सभी लोग सो रहे थे, तभी अचानक यह हादसा हुआ। कुछ यात्रियों ने हादसे के लिए ड्राइवर की गलती को जिम्मेदार ठहराया है।

घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग और राहगीर बचाव के लिए आगे आए। सभी घायलों को सांबा के जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घायलों में से 8 की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए एम्स विजयपुर रेफर किया गया है। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। हादसे में एक श्रद्धालु की मौत हुई है। बस में सवार यात्री 18 अगस्त को अपने घर से निकले थे और चामुंडा देवी और ज्वालाजी मंदिर के दर्शन के बाद वैष्णो देवी जा रहे थे।

Also Read: वोटर अधिकार यात्रा पर बोले तेजस्वी यादव, जनता खटारा सरकार से चाहती है मुक्ति

Get real time updates directly on you device, subscribe now.