कौशांबी में दर्दनाक हादसा, मिट्टी का टीला ढहने से पांच की मौत, तीन गंभीर

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले के कोखराज थाना क्षेत्र स्थित टीकर डीह गांव में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में पांच लोगों की जान चली गई, जबकि तीन अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है। यह हादसा उस वक्त हुआ जब गांव के आठ लोग तालाब से मिट्टी निकाल रहे थे और अचानक मिट्टी का एक बड़ा टीला उन पर गिर पड़ा।

सुबह करीब 7 बजे हुए इस हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने राहत कार्य शुरू किया और मिट्टी में दबे लोगों को बाहर निकालने लगे। सूचना मिलते ही पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और बचाव अभियान में सहयोग किया।

सभी घायलों को एंबुलेंस से तत्काल मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने 35 वर्षीय ममता देवी, 35 वर्षीय ललिता देवी, 13 वर्षीय उमा देवी, 15 वर्षीय खुशी और 70 वर्षीय कछहरी देवी को मृत घोषित कर दिया। मृतकों में महिलाएं और किशोरियां शामिल हैं, जिससे गांव में मातम का माहौल है।

घायल 40 वर्षीय मैना देवी, 16 वर्षीय सपना और 35 वर्षीय आक्रोश कुमार का इलाज चल रहा है। पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया है। प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया गया है।

Also Read: Lucknow : सिलेंडर ब्लास्ट से लगी आग में 50 से ज्यादा झुग्गियां जलकर खाक, मचा हाहाकार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.