Mainpuri News: कार और ट्रक के बीच भीषण भिड़ंत, एक ही परिवार के 5 लोगों की दर्दनाक मौत
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले में एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। बेवर थाना क्षेत्र के जीटी रोड हाईवे पर एक कार और ट्रक की भीषण टक्कर में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक मासूम बच्ची गंभीर रूप से घायल है। यह हादसा नगला ताल गांव के पास हुआ, जिसके बाद हाईवे पर करीब एक घंटे तक जाम लगा रहा।
मिली जानकारी के अनुसार किशनी थाना क्षेत्र के हरीपुर कैथोली गांव के रहने वाले दीपक चौहान (36) अपने परिवार के साथ आगरा में भतीजी का जन्मदिन मनाकर छिबरामऊ लौट रहे थे। उनकी स्विफ्ट डिजायर कार बेवर की ओर जा रही थी, तभी अचानक वह बेकाबू होकर डिवाइडर पार कर गई और कानपुर-आगरा लेन में चली गई। इसी दौरान सामने से आ रहे एक ट्रक से कार की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई।
हादसे में इन लोगों की हुई मौत
इस दुखद हादसे में कार में सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में दीपक चौहान, उनकी पत्नी पूजा (34), बेटियां आशी (9) और आर्या (4), और दीपक की बहन सुजाता (50) शामिल हैं।दीपक की 11 साल की बेटी आराध्या इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बेवर ले जाया गया, जहाँ से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। उसकी हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है।
योगी आदित्यनाथ ने जताया दुख
इस दुखद घटना पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुख व्यक्त किया है। उन्होंने ‘एक्स’ (पहले ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए लिखा, “मैनपुरी में हुआ यह हादसा अत्यंत दुखद है।” उन्होंने जिला प्रशासन के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि घायलों को तुरंत बेहतर इलाज मुहैया कराया जाए।
इस दर्दनाक दुर्घटना के महज़ पाँच मिनट बाद, उसी जगह पर एक और हादसा हुआ। एक पिकअप वैन पीछे से डीसीएम में जा घुसी। इस हादसे में पिकअप का ड्राइवर एहसान गाड़ी में फंस गया, जिसे स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
Also Read: Lucknow News: वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, 10 बाइक बरामद, 3 गिरफ्तार

