मुंबई-गोवा हाईवे पर दर्दनाक हादसा, जगबुडी नदी में कार गिरने से 5 लोगों की मौत
रत्नागिरी: महाराष्ट्र के मुंबई-गोवा हाईवे पर दर्दनाक सड़क हादसे में पांच लोगों की जान चली गई, जबकि कार का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ जब एक कार अनियंत्रित होकर जगबुडी नदी में जा गिरी।
जानकारी के अनुसार, कार में सवार सभी लोग मुंबई के मीरा रोड से रत्नागिरी के देवरुख की ओर एक अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे थे। रास्ते में जैसे ही वाहन जगबुडी नदी के पास पहुंचा, चालक का नियंत्रण गाड़ी से हट गया और कार नदी में गिर गई।
हादसा इतना भीषण था कि कार में बैठे पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ड्राइवर को गंभीर चोटें आईं। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को खबर दी।
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया, वहीं मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। गौरतलब है कि हाल के दिनों में महाराष्ट्र में लगातार सड़क दुर्घटनाएं सामने आ रही हैं।

