इटावा में दर्दनाक सड़क हादसा, अनियंत्रित ऑटो डंपर से टकराया, दो की मौत, 8 घायल

Sandesh Wahak Digital Desk: इटावा में एक तेज रफ्तार ऑटो के सड़क किनारे खड़े डंपर से टकरा जाने के कारण भीषण हादसा हो गया, जिसमें दो महिलाओं की मौत हो गई और 8 लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए ज़िला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

कैसे हुआ हादसा?

यह दुर्घटना पछायगांव थाना क्षेत्र में हुई। ऑटो में कुल 8 लोग सवार थे, जो रैपुरा (भिंड) से इटावा के बाह में आयोजित हो रही भागवत कथा में शामिल होने जा रहे थे। बताया जा रहा है कि ऑटो चालक को अचानक नींद की झपकी आ गई, जिससे ऑटो अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे खड़े एक डंपर में पीछे से जा घुसा। टक्कर की तेज़ आवाज़ सुनकर आस-पास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी घायलों को ज़िला अस्पताल पहुंचाया।

घायलों की स्थिति

दुर्घटना में जान गंवाने वाली दोनों महिलाएँ हैं। वहीं, 8 घायलों का ज़िला अस्पताल में इलाज चल रहा है, जिनमें से पांच की हालत नाजुक होने के कारण उन्हें सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि भिंड के रहने वाले 8 लोग ऑटो से बाह (आगरा) जा रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। पुलिस आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

Also Read: ‘मिशन शक्ति 5.0’ के तहत बरेली में ‘पोषण पंचायत’ का आयोजन, विशिष्ट महिलाओं को किया गया सम्मानित

Get real time updates directly on you device, subscribe now.