मेरठ में दर्दनाक सड़क हादसा, तीन युवाओं की मौके पर मौत, गांव में पसरा मातम

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के रोहटा थाना क्षेत्र में शनिवार को एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। बाइक और ट्रैक्टर-ट्रॉली की जबरदस्त टक्कर में तीन युवाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक राहगीर गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसा सुबह करीब सात बजे रोहटा ब्लॉक के पास हुआ। जानकारी के मुताबिक, कैथवाड़ी गांव के रहने वाले तीन युवक शहजाद, अरशद और रोजू बाइक पर सवार होकर मेरठ से बड़ौत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक ईंटों से लदी एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि बाइक की रफ्तार काफी तेज थी और अचानक फिसलने के कारण सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली भी पलट गई। इसी हादसे में एक राहगीर, रजनीश (निवासी रोहटा), भी ट्रैक्टर की चपेट में आ गया, जिसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सूचना मिलते ही रोहटा थाना प्रभारी नीरज सिंह बघेल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और तीनों युवाओं के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। वहीं, घायल राहगीर का इलाज जारी है।

हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। गांव में तीन युवाओं की असमय मौत से कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने हादसे के लिए ट्रैक्टर चालक की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए उसकी जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) राकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

Also Read: Lucknow News: भारी बारिश के बीच नाले में बहा युवक, परिवार में मचा कोहराम

Get real time updates directly on you device, subscribe now.