उरई में दर्दनाक सड़क हादसा, टायर फटने से पलटा प्याज लदा ट्रक, तीन लोगों की मौत

Sandesh Wahak Digital Desk: झांसी-कानपुर नेशनल हाईवे पर शुक्रवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। एट थाना क्षेत्र के जखोली गांव के पास एक तेज रफ्तार ट्रक का टायर अचानक फट गया, जिससे वह अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे वाहन का इंतजार कर रहे लोगों पर जा पलटा। इस दिल दहला देने वाली घटना में दो महिलाओं और ट्रक ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई।

मायके से विदा होकर घर लौटने का कर रहे थे इंतजार

हादसे का शिकार हुआ परिवार मकर संक्रांति का पर्व मनाने के लिए जखोली गांव आया था। ऊसरगांव निवासी लौंगश्री (45) अपनी बेटी वंदना (20) के साथ मायके आई थीं। शुक्रवार दोपहर वह अपनी भाभी माया देवी (65), बेटी वंदना और नाती अरमान (18) के साथ घर वापस जाने के लिए हाईवे किनारे बस का इंतजार कर रही थीं। तभी झांसी की ओर से आ रहा प्याज से लदा ट्रक धमाके के साथ टायर फटने के कारण सीधा उनके ऊपर पलट गया। माया देवी, लौंगश्री और ट्रक चालक की मौके पर ही सांसें थम गईं।

घायलों की हालत नाजुक, हाईवे पर लगा जाम

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और ग्रामीणों ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। गंभीर रूप से घायल अरमान और वंदना को उरई मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां वंदना की नाजुक हालत को देखते हुए उसे झांसी रेफर कर दिया गया है। ट्रक पलटने और प्याज की बोरियां सड़क पर बिखरने के कारण हाईवे पर करीब एक घंटे तक लंबा जाम लगा रहा, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद खुलवाया।

प्रशासनिक अधिकारियों ने लिया जायजा

हादसे की खबर मिलते ही जिलाधिकारी (DM) राजेश कुमार पांडेय और पुलिस अधीक्षक (SP) डॉ. दुर्गेश कुमार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और पीड़ित परिवार से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ट्रक चालक की शिनाख्त की कोशिश की जा रही है।

Also Read: बरेली में ‘खनन माफिया’ का पुलिस टीम पर हमला, 37 ओवरलोड ट्रक जब्त, 24 आरोपी गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.