भागवत चैप्टर वन: राक्षस का ट्रेलर लॉन्च, जितेन्द्र कुमार और अरशद के अवतार को देख हैरान हुए लोग
Sandesh Wahak Digital Desk: भारत के सबसे बड़े स्वदेशी वीडियो स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म ज़ी5 ने आज अपनी आगामी ओरिजिनल फिल्म ‘भागवत चैप्टर वन: राक्षस’ का रोमांचक ट्रेलर लॉन्च कर दिया है, जिसका प्रीमियर 17 अक्टूबर को विशेष रूप से प्लेटफॉर्म पर होगा।
जियो स्टूडियोज़, बावजा स्टूडियोज़ और डॉग ‘एन’ बोन पिक्चर्स के सहयोग से निर्मित यह फिल्म एक दमदार और रोमांच से भरी पीछा करने वाली थ्रिलर है। इसकी कहानी उत्तर प्रदेश के रॉबर्ट्सगंज की पृष्ठभूमि पर आधारित है।
इंस्पेक्टर विश्वास भागवत vs समीर
फिल्म की कहानी इंस्पेक्टर विश्वास भागवत (अरशद वारसी) के इर्द-गिर्द घूमती है, जो खौफनाक हत्याओं की एक श्रृंखला की जाँच करते हैं और साथ ही अपने भीतर के संघर्षों से भी जूझते हैं। वहीं, अभिनेता जितेंद्र कुमार एक बिल्कुल नए और अनोखे अवतार में समीर का किरदार निभा रहे हैं। समीर बाहर से एक साधारण इंसान लगता है, लेकिन उसके भीतर कई चौंकाने वाले राज छिपे हैं, जिससे कहानी में रहस्य और बढ़ जाता है।
ट्रेलर में जबरदस्त एक्शन सीक्वेंस, सिहरन पैदा कर देने वाले दृश्य और अरशद तथा जितेंद्र के किरदारों के बीच एक खौफनाक टकराव देखने को मिलता है। ट्रेलर ‘भागवत चैप्टर वन: राक्षस’ को अच्छाई और बुराई की एक रोमांचक कहानी के रूप में पेश करता है।
निर्देशक और अभिनेताओं की प्रतिक्रिया
निर्देशक अक्षय शेरे ने इस फिल्म के बारे में कहा कि यह सिर्फ एक क्राइम थ्रिलर नहीं है, यह नैतिकता, प्रायश्चित और उन फैसलों की खोज है जो हमें परिभाषित करते हैं। अरशद और जितेंद्र ने अपने किरदारों में इतनी सच्चाई और गहराई लाई है कि हर सीन प्रभावशाली बन गया।
अभिनेता अरशद वारसी ने अपने किरदार को करियर का संतोषजनक अनुभव बताया। उन्होंने कहा कि वारसी इंस्पेक्टर विश्वास भागवत का किरदार मेरे लिए बेहद गहरा और भावनात्मक रूप से चुनौतीपूर्ण रहा। वह आपका आम हीरो नहीं है; वह दोषपूर्ण, क्रोधित और अपने अतीत से परेशान है, फिर भी न्याय के लिए संकल्पित है। यह सिर्फ किसी अपराध को सुलझाने की कहानी नहीं है, बल्कि अपने अंदर की लड़ाइयों का सामना करने की कहानी है।
जितेंद्र कुमार ने अपने नए अवतार पर उत्साह व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह भूमिका मेरे अब तक किए गए किसी भी किरदार से बिल्कुल अलग है। समीर एक ऐसा किरदार है जिसमें कई जटिल परतें छिपी हैं। इसे निभाना मेरे लिए एक अभिनेता के रूप में चुनौतीपूर्ण और मुक्तिदायक अनुभव दोनों रहा।
यह रोमांचक थ्रिलर 17 अक्टूबर से सिर्फ़ ज़ी5 पर स्ट्रीम होगी।
Also Read: बलरामपुर के ओसामा ने UK में किया कमाल, बकिंघम यूनिवर्सिटी से फर्स्ट क्लास ऑनर्स किया हासिल

