कुशा कपिला की शॉर्ट फिल्म ‘व्यर्थ’ का ट्रेलर हुआ रिलीज़, दर्शकों के बीच बढ़ी उत्सुकता
Sandesh Wahak Digital Desk: इंटरनेट पर अपनी कॉमेडी से धूम मचाने वाली कुशा कपिला अब एक नए और गंभीर अंदाज़ में सामने आ रही हैं। उनकी नई शॉर्ट फिल्म ‘व्यर्थ’ का ट्रेलर रिलीज़ हो चुका है, जिसने दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ा दी है। यह फिल्म 19 जुलाई को दर्शकों के सामने होगी। ‘व्यर्थ’ कुशा के अभिनय करियर में एक बड़ा कदम है, क्योंकि इसमें उन्होंने अभिनय के साथ-साथ को-प्रोड्यूसर की भूमिका भी निभाई है।
कॉमेडी से अलग, एक सशक्त कहानी का प्रयास
कॉमेडी की दुनिया में अपनी पहचान बना चुकी कुशा इस बार बिल्कुल अलग रंग में नज़र आएंगी। ‘व्यर्थ’ उनके लिए भावनात्मक और रचनात्मक दोनों स्तरों पर एक नई दिशा है, जो उन्हें एक सशक्त कहानी कहने का अवसर दे रही है। ‘व्यर्थ’ की कहानी भूमि नाम की एक ऐसी एक्ट्रेस के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसे इंडस्ट्री में बार-बार एक ही तरह के किरदारों (टाइपकास्ट) में फंसाया जा रहा है। जब उसे आखिरकार एक माँ की भूमिका का प्रस्ताव मिलता है, तो उसकी उम्मीदें टूट जाती हैं। लेकिन कहानी में मोड़ तब आता है, जब उसकी यंग रूममेट मीनाक्षी उसी रोल के लिए उसकी मदद मांगने आती है।
ट्रेलर में इस कहानी की जटिलता, महत्वाकांक्षा और संघर्ष की झलक साफ दिखती है, जिसमें दुखद पलों के साथ-साथ हल्का-फुल्का हास्य भी है। कुशा ने फिल्म के बारे में बात करते हुए कहा, जब मुझे ‘व्यर्थ’ की स्क्रिप्ट मिली, जो कि सिर्फ 17 पन्नों की थी, तो मुझे उसी समय महसूस हुआ कि यह कहानी मेरे भीतर गहराई से गूँज रही है। यह सिर्फ एक किरदार नहीं था, जिसे मैं निभाना चाहती थी, बल्कि एक कहानी थी, जिसे मुझे जरूर दुनिया के सामने लाना था।
Also Read: Varanasi News: असलहा तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, दो तस्कर गिरफ्तार, अवैध हथियार बरामद

