भारत को मिली बड़ी कामयाबी, ट्रेन आधारित अग्नि-प्राइम मिसाइल का सफल परीक्षण
Sandesh Wahak Digital Desk: भारत ने अपनी सैन्य ताकत में एक और बड़ा इजाफा करते हुए गुरुवार को एक बड़ी सफलता हासिल की है। रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (डीआरडीओ) ने रणनीतिक बलों के साथ मिलकर मध्यम दूरी की अग्नि-प्राइम मिसाइल का सफलतापूर्वक परीक्षण किया है। सबसे ख़ास बात यह है कि इस मिसाइल को एक विशेष रेल-आधारित मोबाइल लॉन्चर से लॉन्च किया गया, जो अपनी तरह का पहला सफल परीक्षण है।
इस बड़ी कामयाबी की जानकारी खुद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दी। उन्होंने सोशल मीडिया पर बताया कि यह अग्नि-प्राइम मिसाइल अगली पीढ़ी की मिसाइल है, जो 2,000 किलोमीटर तक मार कर सकती है और कई आधुनिक तकनीक से लैस है।
राजनाथ सिंह ने बताया कि यह पहली बार है जब किसी मिसाइल को रेल-आधारित सिस्टम से लॉन्च किया गया हो। इस नई तकनीक से मिसाइल को देश के किसी भी हिस्से में, बिना किसी पहले की तैयारी के, तुरंत लॉन्च किया जा सकता है। यह प्रणाली सेना को मिसाइल को कम समय में और दुश्मन की नजर से दूर रखकर कहीं भी ले जाने और लॉन्च करने की क्षमता देती है।
रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, मिसाइल के पूरे रास्ते को कई ग्राउंड स्टेशनों से ट्रैक किया गया। यह एक शानदार लॉन्च था, जिसने मिशन के सभी लक्ष्यों को हासिल किया। इस सफल परीक्षण के बाद अब भविष्य में सेना के लिए रेल-आधारित मिसाइल सिस्टम का इस्तेमाल करने का रास्ता खुल गया है।
Also Read: Asia Cup 2025: देर आए-दुरुस्त आए… कोहली के बाद ये कारनामा करने वाले दूसरे बल्लेबाज बने अभिषेक शर्मा

