परिवहन निगम का विजन 2027: हर गांव, हर नागरिक तक पहुंचेगी परिवहन सेवा
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश परिवहन निगम (UPSRTC) ने आज अपने 53वें स्थापना दिवस का भव्य आयोजन किया। लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान स्थित मार्श ऑडिटोरियम में आयोजित इस कार्यक्रम की शुरुआत परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने दीप प्रज्वलित कर की। इस अवसर पर मंत्री ने परिवहन निगम की सेवा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 406 कर्मचारियों, चालकों और परिचालकों को सिल्वर कॉइन और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। साथ ही, उन परिवारजनों को भी सम्मानित किया गया, जिनके सदस्य विभिन्न परीक्षाओं में चयनित हुए। सेवानिवृत्त जीएम अजीत सिंह को उनके योगदान के लिए लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड प्रदान किया गया।
आज यूपी परिवहन निगम मुनाफे में है – परिवहन मंत्री

मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश परिवहन निगम अब मुनाफे की स्थिति में है, जिसके चलते 1165 मृतक आश्रितों को नौकरी देने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। उन्होंने बताया कि जब उन्होंने कार्यभार संभाला था, तब निगम के पास 10,000 से भी कम बसें थीं, जो अब 13,000 से ज्यादा हो गई हैं। उन्होंने कहा कि अब निगम की बसों की औसत उम्र भी सुधरी है और आने वाले समय में 32 और 25 सीटर छोटी बसों को गांवों तक पहुंचाने की योजना है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्यालय से जोड़ा जा सके। मंत्री ने बताया कि भविष्य में सभी डिपो में चालकों और परिचालकों के रुकने की भी उचित व्यवस्था की जाएगी, जिससे सड़क हादसों में भी कमी आएगी।
PPP मॉडल से बस अड्डों का होगा विकास, निजीकरण नहीं ![]()
दयाशंकर सिंह ने कहा कि पीपीपी मॉडल पर नए बस अड्डों का निर्माण किया जा रहा है, जिससे निगम की आय में बढ़ोतरी होगी, लेकिन यह किसी भी रूप में निजीकरण नहीं है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में बस अड्डों और डिपो के माध्यम से राजस्व अर्जन को बढ़ाया जाएगा और निगम की परिसंपत्तियों को संरक्षित किया जाएगा।
इलेक्ट्रिक बसों का तेजी से होगा विस्तार ![]()
परिवहन मंत्री ने जानकारी दी कि वर्तमान में 15 बड़े शहरों में इलेक्ट्रिक बसों का संचालन किया जा रहा है और भविष्य में इन्हें गांवों तक ले जाने की योजना है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 तक बसों की संख्या बढ़ाकर 25,000 करने का लक्ष्य तय किया गया है।
एमडी ने कर्मियों का बढ़ाया हौसला

कार्यक्रम में परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक मासूम अली सरवर ने कहा कि 53वें स्थापना दिवस पर सभी कर्मचारियों को गर्व महसूस होना चाहिए। उन्होंने कोरोना काल और महाकुंभ जैसे बड़े आयोजनों में निगम द्वारा निभाई गई भूमिका को भी याद किया और कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी निगम की सेवाओं की सराहना की है। उन्होंने यह भी बताया कि अब तक 90% बसों में वीएलटीडी डिवाइस लगाई जा चुकी हैं और पीपीपी मॉडल के तहत बस अड्डों के निर्माण का कार्य भी तेजी से जारी है। इसके साथ ही निगम अपने संसाधनों से बस अड्डों का आधुनिकीकरण भी कर रहा है। कार्यक्रम में परिवहन विभाग के प्रमुख सचिव अमित गुप्ता, अपर प्रबंध निदेशक राम सिंह वर्मा, वित्त नियंत्रक अजय जौहरी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
Also Read : प्रतापगढ़ में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की संदिग्ध मौत, छह माह का…



