Lucknow News: परिवहन विभाग सख्त, चार ड्राइविंग स्कूलों पर जांच के आदेश
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में परिवहन विभाग ने चार मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूलों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। विभाग को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि ये संस्थान शासन द्वारा निर्धारित मानकों और एसओपी (स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर) का पालन नहीं कर रहे हैं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जोन के उप परिवहन आयुक्त राधेश्याम ने इन स्कूलों की जांच के आदेश जारी कर दिए हैं।
परिवहन विभाग की ओर से मास्टर मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूल, शाश्वतम मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूल, पूर्वांचल मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूल और राजधानी मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूल के खिलाफ जांच शुरू की जा रही है। इसके लिए तीन अधिकारियों की एक विशेष समिति बनाई गई है। संभागीय निरीक्षक सुशील कुमार को मास्टर और शाश्वतम स्कूल की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि एमवीआई प्रशांत कुमार राजधानी स्कूल और एमवीआई विष्णु कुमार पूर्वांचल स्कूल की जांच करेंगे। सभी अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे एक सप्ताह के भीतर रिपोर्ट सौंपें।
ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूल न केवल वाहन चलाने की तकनीकी जानकारी देते हैं, बल्कि लर्निंग और परमानेंट ड्राइविंग लाइसेंस की प्रक्रिया में भी अहम भूमिका निभाते हैं। ऐसे में यदि यह संस्थान एसओपी का पालन नहीं करते हैं, तो इससे सड़क सुरक्षा और प्रशिक्षित ड्राइवरों की गुणवत्ता दोनों प्रभावित हो सकती है। परिवहन विभाग की यह कार्रवाई न केवल नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों पर लगाम कसने की दिशा में है, बल्कि इसे प्रशासनिक सख्ती और सड़क सुरक्षा में सुधार की कोशिश के तौर पर भी देखा जा रहा है।
Also Read: लेफ्टिनेंट जनरल पुष्पेंद्र सिंह बने भारतीय सेना के उप सेनाध्यक्ष

