बलिया में बिना सूचना के पुल चालू करने पर भड़के परिवहन मंत्री, PWD इंजीनियर को लगाई फटकार
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह मंगलवार की रात बलिया के कटहल नाले पर बने नवनिर्मित पुल का निरीक्षण करने पहुंचे तो उन्हें यह जानकर हैरानी हुई कि पुल को बिना उद्घाटन के ही जनता के लिए चालू कर दिया गया है। इस पर मंत्री मौके पर मौजूद लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिशासी अभियंता पर भड़क उठे और खुलेआम फटकार लगाई।
“ज्यादा दिमाग न खराब हो। मैं यहां का विधायक और मंत्री हूं।
दयाशंकर सिंह ने अभियंता से नाराजगी जताते हुए कहा, “ज्यादा दिमाग न खराब हो। मैं यहां का विधायक और मंत्री हूं। आपने मुझे बिना बताए पुल खोल दिया। मुझे पता है आप किसके इशारे पर काम कर रहे हैं।” उन्होंने किसी राजनीतिक व्यक्ति का नाम तो नहीं लिया, लेकिन उनका इशारा बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के रसड़ा विधायक उमाशंकर सिंह की ओर माना जा रहा है।
“क्या आप यहां से चुनाव लड़ रहे हैं?
उन्होंने कटाक्ष करते हुए पूछा, “क्या आप यहां से चुनाव लड़ रहे हैं? क्या बसपा आपको टिकट दे रही है?” उन्होंने यह भी कहा कि जिस इंजीनियर ने बार-बार औपचारिक परीक्षण और प्रशासनिक स्वीकृति न होने की बात कहकर पुल चालू करने से इनकार किया था, अब अचानक बिना सूचना के पुल चालू कर देता है, यह गंभीर मामला है।
ताकि राजनीतिक श्रेय न मिल सके
मंत्री दयाशंकर सिंह ने मीडिया से बातचीत में आरोप लगाया कि कुछ प्रभावशाली लोग, जो लोक निर्माण विभाग में दखल रखते हैं, उन्हीं के कहने पर यह काम हुआ, ताकि राजनीतिक श्रेय न मिल सके। उन्होंने इस मामले की शिकायत उच्च अधिकारियों से करने की बात कही।
पूर्व भुगतान के बावजूद एक नाली तक नहीं बनी
मंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि इलाके में लोक निर्माण विभाग की कार्यशैली पर गंभीर सवाल हैं। उन्होंने कहा, “2015 से इस क्षेत्र में पूर्व भुगतान के बावजूद एक नाली तक नहीं बनी है। इस सरकार में कोई अधिकारी इतना ताकतवर कैसे हो सकता है कि मंत्री, विधायक और नगरपालिका अध्यक्ष तक की अनदेखी कर दे?”
सिर्फ यातायात के लिए उसे चालू किया गया है
वहीं, मामले पर अधिशासी अभियंता का कहना है कि पुल का उद्घाटन नहीं हुआ है, सिर्फ यातायात के लिए उसे चालू किया गया है क्योंकि क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। पुराने पुल के एप्रोच की मिट्टी खिसकने के कारण दुर्घटना का खतरा था, इसलिए सुरक्षा की दृष्टि से नया पुल खोलना जरूरी हो गया था। यह घटना प्रशासनिक समन्वय और राजनीतिक संवाद में गहराते टकराव को दर्शाती है, जो आने वाले समय में और गंभीर रूप ले सकता है।
Also Read: Bareilly News: सीएम योगी ने दी बरेली मंडल की विकास योजनाओं को हरी झंडी, इंफ्रास्ट्रक्चर पर विशेष जोर

