UP News: सूदखोरों के उत्पीड़न से परेशान कारोबारी ने पूरे परिवार को किया खत्म, 13 पेज का सुसाइड नोट बरामद
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। सूदखोरों के उत्पीड़न और कर्ज से परेशान एक कारोबारी ने अपनी पत्नी और 4 साल के बेटे के साथ आत्महत्या कर ली। कारोबारी सचिन ग्रोवर (36), उनकी पत्नी शिवांगी (34) और बेटे फतेह (4) के शव बुधवार सुबह उनके घर में पाए गए। पुलिस को सचिन के मोबाइल से 13 पन्नों का सुसाइड नोट भी मिला है।
सूदखोरी और कर्ज का दबाव
शाहजहांपुर के रोजा इलाके में रहने वाले हैंडलूम कारोबारी सचिन ग्रोवर ने अपने परिवार के साथ यह कदम उठाया। पुलिस के मुताबिक, सचिन ने अपने बेटे फतेह को कोल्डड्रिंक में जहर दिया और फिर उन्होंने और उनकी पत्नी ने नई रस्सियों से फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली।
मृतक के भाई गौरव ग्रोवर ने चार लोगों पर प्रतिदिन 2,000 रुपये ब्याज वसूलने का आरोप लगाया है। उन्होंने यह भी बताया कि सूदखोरों ने सचिन की बाइक और कार भी जबरन ले ली थी, जिससे वह और भी टूट गए थे। वहीं, सचिन की सास संध्या मिश्रा ने आरोप लगाया कि जिला उद्योग केंद्र से स्वीकृत 17 लाख रुपये के लोन पर अनुदान राशि के लिए उनसे आधी रकम मांगी जा रही थी।
सुसाइड नोट में बयां किया दर्द
पुलिस को सचिन के मोबाइल में मिला 13 पन्नों का सुसाइड नोट उनकी आर्थिक तंगी और लोगों की देनदारियों का खुलासा करता है। सुसाइड नोट में शिवांगी ने अपनी माँ के लिए एक भावुक संदेश भी लिखा है। उन्होंने अपनी माँ से कहा कि वे उनकी कार बेचकर लोन चुका दें और गिरवी रखे गहने वापस ले लें। शिवांगी ने यह भी लिखा, “हम नहीं चाहते कि तुम हम लोगों को नफरत से याद करो, बुरी याद समझकर भूल जाना।”
पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने बताया कि सुसाइड नोट में आर्थिक तंगी का जिक्र है और परिवार मानसिक रूप से परेशान था। परिजनों की शिकायत मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Also Read: भारी बारिश और भूस्खलन ने जम्मू-कश्मीर में मचाई तबाही, 41 की मौत; सरकार ने की…

