Lucknow News: भूमाफिया से परेशान मां-बेटे ने मंत्री आवास के पास खाया सल्फास, हालत नाजुक
Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आज एक हैरान कर देने वाली और दुखद घटना सामने आई है। मथुरा से आए एक माँ और बेटे ने पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह के आवास के पास सल्फास (जहर) खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। सड़क पर पड़े तड़पते दोनों की हालत बिगड़ने पर लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तुरंत दोनों को सिविल अस्पताल पहुँचाया, जहाँ दोनों की हालत नाजुक बनी हुई है।
जेब से मिला सुसाइड नोट
माँ-बेटे की पहचान मथुरा के बरसाना निवासी मुनेश सिंह (56) और बलजीत सिंह (38) के रूप में हुई है। बलजीत सिंह की जेब से एक प्रार्थना पत्र (एप्लिकेशन) मिला है, जिसने इस घटना के पीछे के गंभीर कारणों का खुलासा किया है। प्रार्थना पत्र में मथुरा के भूमाफिया जयप्रकाश त्यागी, नरेश त्यागी, पुष्पेंद्र त्यागी, हरि नारायण राय और अभय शर्मा पर 43 लाख रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगाया गया है। भूमाफिया ने 15 लाख रुपये में प्लॉट बेचा, जिसका कब्जा नहीं दिया। 28 लाख रुपये में बेचा गया मकान आज तक रजिस्ट्री नहीं किया, और उन्हें मकान से निकाल दिया गया है।
प्रार्थना पत्र में लिखा है कि मुकदमा दर्ज करने के बाद ये लोग दबंगई करने लगे और धमकी देते हुए कहते हैं कि उत्तर प्रदेश शासन में मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी हमारे बिजनस पार्टनर हैं, हमारा कुछ नहीं कर पाओगे।
जनता दरबार में शिकायत पर की मारपीट
दो पन्नों के इस प्रार्थना पत्र में पीड़ित परिवार ने न्याय के लिए हर अधिकारी के पास जाने की बात कही है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया, जब हमने चारों भूमाफिया के खिलाफ भाजपा और मुख्यमंत्री जनता दरबार में शिकायत की तो इन लोगों ने हमारे साथ मारपीट की। मेरी माँ के कपड़े फाड़ दिए। उसके बाद जो मकान हमें बेचा उसी मकान से हमें निकालकर हमारे सारे सामान को बाहर फेंक दिया और ताला लगा दिया।
पीड़ित ने लिखा, हमारे पास आत्महत्या करने के अलावा और कोई रास्ता नहीं है। इसीलिए हम मुख्यमंत्री जी के यहां सल्फास खाकर आत्महत्या कर रहे हैं। पुलिस को मौके से सल्फास का खाली पाउच भी मिला है। पुलिस ने भूमाफिया के खिलाफ लगे इन गंभीर आरोपों की जाँच शुरू कर दी है, जिसकी जिम्मेदारी पत्र में लिखे पाँचों लोगों पर डाली गई है।
Also Read: BMC चुनाव: सपा ने तोड़ा गठबंधन, महाराष्ट्र अध्यक्ष अबू आसिम आजमी बोले- कांग्रेस ने दिया धोखा

