बीडीओ और मुखिया के पति की प्रताड़ना से परेशान पंचायत सेवक ने खाया जहर, मौत
Sandesh Wahak Digital Desk: झारखंड के गिरिडीह जिले में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। डुमरी प्रखंड में तैनात पंचायत सेवक सुखलाल महतो ने लगातार मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर कार्यालय परिसर में ही ज़हर खा लिया। रांची के रिम्स अस्पताल में इलाज के दौरान रविवार को उनकी मौत हो गई।
सुखलाल महतो बलथरिया पंचायत में पंचायत सेवक के रूप में काम कर रहे थे और कुलगो गांव के निवासी थे। उन्होंने आत्महत्या से पहले एक पत्र लिखा था, जिसमें डुमरी की बीडीओ अन्वेषा ओना, बलथरिया पंचायत की मुखिया के पति परमेश्वर नायक और रोजगार सेवक अनिल कुमार पर गंभीर आरोप लगाए थे। सुखलाल का कहना था कि ये लोग उन्हें लगातार मानसिक रूप से परेशान कर रहे थे। गंभीर हालत में उन्हें पहले धनबाद मेडिकल कॉलेज और फिर रिम्स रांची रेफर किया गया था, लेकिन डॉक्टरों की कोशिशें नाकाम रहीं और उन्होंने दम तोड़ दिया।
इस मामले को राज्य सरकार ने गंभीरता से लिया है। गिरिडीह के उपायुक्त रामनिवास यादव ने जांच के लिए एक कमेटी गठित कर दी है। वहीं, गिरिडीह के सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी और डुमरी के विधायक जयराम महतो ने दोषियों को चिन्हित कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। विधायक जयराम महतो ने इस घटना को लेकर ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडे सिंह को पत्र लिखा और सोशल मीडिया पर भी कड़ी प्रतिक्रिया दी।
Also Read: Mathura: मिट्टी के टीले पर बने 6 मकान भरभराकर गिरे, 3 की मौत, कई अब भी दबे

