केंद्रीय मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह की बढ़ी मुश्किलें, कोर्ट ने दिए FIR दर्ज करने के आदेश, जानिए मामला
Sandesh Wahak Digital Desk: केंद्रीय विदेश राज्यमंत्री कीर्तिवर्धन सिंह की मुश्किलें बढ़ गई हैं। गोंडा जिले की एक अदालत ने भूमि विवाद से जुड़े एक मामले में मंत्री और चार अन्य लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया है। इस आदेश के बाद यूपी की सियासत में हलचल तेज हो गई है।
क्या है पूरा मामला?
मनकापुर के भिटौरा निवासी अजय सिंह ने कोर्ट में एक याचिका दायर की थी। उनका आरोप है कि उनकी पत्नी मनीषा सिंह के नाम पर दर्ज एक जमीन को धोखे से दोबारा बेच दिया गया। इसके लिए तीन साल पुराने स्टांप पेपर पर पुरानी तारीख (बैकडेटेड) डालकर बिक्री का एक फर्जी दस्तावेज तैयार किया गया।
शिकायतकर्ता ने बताया कि जब उन्होंने इसकी शिकायत की, तो पुलिस ने जांच के बाद मामला दर्ज किया। लेकिन बाद में पुलिस ने फाइनल रिपोर्ट लगाकर केस बंद कर दिया। अजय सिंह ने इसका विरोध किया और मार्च 2025 में कोर्ट ने पुलिस की फाइनल रिपोर्ट को खारिज करते हुए आगे की जांच का आदेश दिया, जो अभी चल रही है।
राजनीतिक प्रभाव का आरोप
अजय सिंह ने आरोप लगाया है कि जब उन्होंने मामले को आगे बढ़ाया तो मंत्री के प्रतिनिधि राजेश सिंह ने कथित तौर पर उन पर राजनीतिक दबाव बनाया। अजय सिंह का दावा है कि राजेश सिंह ने उनके खिलाफ अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति अधिनियम समेत कई धाराओं में झूठा मुकदमा दर्ज करवाया, ताकि वह समझौता करने के लिए मजबूर हो जाएं।
अजय सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस से बार-बार शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिसके बाद उन्हें कोर्ट जाना पड़ा। वहीं, मंत्री के प्रतिनिधि राजेश सिंह ने कहा है कि उन्हें मामले की जानकारी मीडिया से मिली है और कोर्ट का आदेश मिलने के बाद ही वे कोई बयान देंगे।
Also Read: ‘हारते ये हैं और इल्जाम चुनाव आयोग पर…’, अनुराग ठाकुर बोले- क्या राहुल और प्रियंका इस्तीफा देंगे?

