बिहार के मोतिहारी में ट्रक ने ऑटो और बाइक को रौंदा, 5 लोगों की दर्दनाक मौत
Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के कोटवा थाना क्षेत्र में रविवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-27) के कोटवा दीपाऊ मोड़ के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने ऑटो और बाइक में टक्कर मार दी, जिससे घटनास्थल पर ही पाँच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस के मुताबिक, यह हादसा तब हुआ जब ट्रक चालक अपने वाहन को कट के पास मोड़ने की कोशिश कर रहा था और अचानक उसने अपना नियंत्रण खो दिया। ट्रक ने ऑटो और बाइक को अपनी चपेट में ले लिया।
कोटवा के थाना प्रभारी प्रत्यूष कुमार विक्की ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुँच गई। दुर्घटना में पाँच लोगों की मौत हो गई है। मरने वालों की पहचान अभी नहीं हो पाई है, पुलिस उनकी पहचान की कोशिश कर रही है। हादसे में घायल हुए चार लोगों को इलाज के लिए सदर अस्पताल, मोतिहारी में भर्ती कराया गया है, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
NH-27 पर लोगों का आक्रोश और जाम
हादसे के बाद NH-27 पर जाम की स्थिति बन गई और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन की लापरवाही पर आक्रोश व्यक्त करते हुए सड़क भी जाम कर दी। लोगों का आरोप है कि इस मोड़ पर आए दिन हादसे होते रहते हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से सुरक्षा के लिए कोई उपाय नहीं किए जा रहे हैं। पुलिस टीम आक्रोशित लोगों को समझाने और जाम खुलवाने की कोशिश कर रही है।

