UP की राजनीति में ‘सच्चे समाजवाद’ की दस्तक, सलाहउद्दीन (शीबू) बने सोशलिस्ट पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष
Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ के प्रेस क्लब में सोमवार को सोशलिस्ट पार्टी की एक अहम बैठक हुई, जिसमें पार्टी के संगठन को नया विस्तार देते हुए बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई। राजनीति में शुचिता और जमीनी संघर्ष की वकालत करते हुए पार्टी ने वरिष्ठ अधिवक्ता और पुराने समाजवादी नेता सलाहउद्दीन (शीबू) को उत्तर प्रदेश की कमान दी है।
राजधानी के प्रेस क्लब में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान सोशलिस्ट पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नूरूल अमीन ने वरिष्ठ अधिवक्ता और प्रखर समाजवादी नेता सलाहउद्दीन (शीबू) एडवोकेट को उत्तर प्रदेश का नया प्रदेश अध्यक्ष मनोनीत करने का ऐलान किया।

‘लोकतंत्र अब धन-तंत्र में बदल गया है’
राष्ट्रीय अध्यक्ष नूरूल अमीन ने आज की राजनीति पर चिंता जताते हुए कहा कि वर्तमान में राजनीति धनबल, अपराधीकरण और दिखावे के प्रचार तंत्र का शिकार हो गई है। उन्होंने सीधे तौर पर हमला करते हुए कहा, “राजनीति में पूंजीपतियों, परिवारवाद और व्यक्तिवाद का बोलबाला बढ़ गया है, जिससे आम आदमी और अच्छे लोगों के लिए जगह खत्म होती जा रही है। सोशलिस्ट पार्टी सबसे पहले अपने अंदरूनी लोकतंत्र को मजबूत करेगी।” उन्होंने उम्मीद जताई कि सलाहउद्दीन (शीबू) के नेतृत्व में डॉ. राम मनोहर लोहिया, जयप्रकाश नारायण और कर्पूरी ठाकुर की विचारधारा गांव-गांव तक पहुंचेगी।

‘परिवारवाद की वजह से कमजोर हुआ समाजवाद’
नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष सलाहउद्दीन (शीबू) ने अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट करते हुए कहा कि देश में सांप्रदायिकता के बढ़ने की सबसे बड़ी वजह समाजवाद का कमजोर होना है। उन्होंने कड़े शब्दों में कहा कि समाजवाद अब ‘परिवारवाद’ की भेंट चढ़ गया है, जबकि सांप्रदायिकता से केवल शुद्ध समाजवादी विचारधारा ही लड़ सकती है।
शीबू एडवोकेट ने कहा, “मैंने कभी सत्ता के लिए राजनीति नहीं की। मेरा उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति को मुख्यधारा में लाना और देश को जातिवाद, क्षेत्रवाद व नस्लवाद से मुक्त कराना है।”

दिग्गज नेताओं ने दी बधाई
इस मौके पर पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। मैग्सेसे पुरस्कार विजेता और राष्ट्रीय महासचिव संदीप पांडे, संसदीय बोर्ड के महासचिव धनंजय सिन्हा, ट्रेड यूनियन नेता गिरीश कुमार पांडे और पूर्व अध्यक्ष मोहम्मद शोएब एडवोकेट ने नवनियुक्त अध्यक्ष को शुभकामनाएं दीं।
समारोह में प्रदेश महासचिव सलीम खान, किसान सभा के राजीव यादव, महिला सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष मीनाक्षी मार्टिन सिंह सहित इमरान अहमद, अरशद सफीपुरी और पॉल्सन रॉबिंसन जैसे नेताओं ने भी हिस्सा लिया और पार्टी को गांव-स्तर पर मजबूत करने का संकल्प दोहराया।
Also Read: UP के संविदा स्वास्थ्यकर्मियों के लिए खुशखबरी, 1 लाख कर्मचारियों का रुका वेतन जारी

