ट्रंप की हमें चाहिए टिप्पणी से यूरोप में हड़कंप, डेनमार्क PM ने दी सख्त चेतावनी
Sandesh Wahak Digital Desk: अमेरिका के वेनेजुएला में सैन्य कार्रवाई के बाद, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक और विवादित बयान देकर यूरोप में हड़कंप मचा दिया है। उन्होंने हाल ही में कहा है कि अमेरिका को ग्रीनलैंड की जरूरत है। इस टिप्पणी को डेनमार्क और उसके स्वायत्त क्षेत्र ग्रीनलैंड पर अवैध दबाव बताते हुए डेनमार्क की प्रधानमंत्री मेटे फ्रेडरिक्सन ने सोमवार को एक स्पष्ट और तीखी चेतावनी दी।
डेनमार्क PM की चेतावनी, सब कुछ रुक जाएगा
एक डेनिश टीवी चैनल को दिए इंटरव्यू में PM फ्रेडरिक्सन ने कहा, अगर अमेरिका किसी दूसरे नाटो सदस्य देश के खिलाफ बल का प्रयोग करता है, तो सब कुछ रुक जाएगा। उन्होंने ट्रंप की टिप्पणी को गंभीरता से लेते हुए कहा, दुर्भाग्य से, मुझे लगता है कि अमेरिकी राष्ट्रपति को गंभीरता से लेना चाहिए, जब वह कहते हैं कि उन्हें ग्रीनलैंड चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि डेनमार्क और ग्रीनलैंड दोनों ने ही अमेरिका का हिस्सा बनने के किसी भी विचार को बार-बार खारिज किया है।
ट्रंप के बयान के बाद डेनमार्क को यूरोप के प्रमुख देशों का पूरा समर्थन मिला है। फ्रांस के विदेश मंत्रालय ने कहा, सीमाओं को जबरदस्ती नहीं बदला जा सकता। ब्रिटेन के PM कीर स्टार्मर ने कहा, ग्रीनलैंड का भविष्य डेनमार्क के राज्य और खुद ग्रीनलैंड के लिए है। जर्मन विदेश मंत्री ने याद दिलाया कि ग्रीनलैंड, डेनमार्क का हिस्सा होने के नाते, नाटो की सामूहिक रक्षा व्यवस्था के दायरे में आता है।
ट्रंप की ग्रीनलैंड पर बार-बार नजर
ट्रंप ने जनवरी 2025 में दूसरा कार्यकाल शुरू होने के बाद से ही ग्रीनलैंड पर अपना दावा जताना शुरू कर दिया था। उन्होंने पिछले महीने लुइसियाना के गवर्नर को ग्रीनलैंड का विशेष दूत नियुक्त करने की भी घोषणा की थी, जिससे पहले ही तनाव बढ़ गया था। ट्रंप ने यह भी कहा है कि वह इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए सैन्य या आर्थिक दबाव का इस्तेमाल करने से इनकार नहीं करेंगे।
Also Read: उत्तर प्रदेश में सबसे अधिक कटे वोटर लिस्ट से नाम, SIR के बाद बदले सियासी समीकरण

