व्हाइट हाउस में ट्रंप का टेक दिग्गजों के साथ डिनर, एलन मस्क रहे गायब

Sandesh Wahak Digital Desk: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और मेलानिया ट्रंप ने व्हाइट हाउस में दुनिया की सबसे बड़ी तकनीकी कंपनियों के प्रमुखों के लिए एक खास डिनर का आयोजन किया। इस डिनर में गूगल के सुंदर पिचाई, एप्पल के टिम कुक और माइक्रोसॉफ्ट के बिल गेट्स और सत्या नडेला जैसे दिग्गज शामिल हुए। हालांकि, इस हाई-प्रोफाइल कार्यक्रम से एक बड़ा चेहरा नदारद रहा टेस्ला और स्पेसएक्स के मालिक एलन मस्क।

मस्क ने सोशल मीडिया पर बताया कि उन्हें आमंत्रित किया गया था, लेकिन वे किसी कारण से जा नहीं पाए। उनकी जगह एक प्रतिनिधि ने डिनर में हिस्सा लिया।

ट्रंप ने सीधे पूछा- आप अमेरिका में कितना निवेश करेंगे

इस डिनर में ट्रंप ने सभी टेक दिग्गजों से एक ही सीधा सवाल पूछा, आप अमेरिका में कितना पैसा निवेश करेंगे? मेटा के प्रमुख मार्क ज़करबर्ग ने 600 अरब डॉलर के निवेश का अनुमान लगाया। एप्पल के टिम कुक ने भी यही आंकड़ा दिया। गूगल के सुंदर पिचाई ने 250 अरब डॉलर के निवेश की बात कही।

ट्रंप ने कहा कि यह निवेश अमेरिका को एक नए स्तर पर ले जा रहा है। उन्होंने हर सीईओ से उनकी कंपनी के निवेश के बारे में पूछा, जिससे यह साफ हो गया कि उनका ध्यान सिर्फ तारीफों पर नहीं, बल्कि ठोस आंकड़ों पर था।

Elon Musk

मस्क की गैरमौजूदगी पर सवाल

कभी ट्रंप के करीबी माने जाने वाले एलन मस्क की इस डिनर से दूरी ने कई सवाल खड़े किए हैं। मस्क ने सार्वजनिक रूप से ट्रंप सरकार की आलोचना की थी और एपस्टीन फाइलों व सार्वजनिक खर्चों को लेकर अपना विरोध जताया था। उन्होंने अमेरिका पार्टी नाम की एक नई राजनीतिक पार्टी बनाने का भी वादा किया था, जो अभी तक पूरी नहीं हो पाई है। मस्क और ट्रंप के बीच की दूरियाँ अब खुलकर सामने आ गई हैं।

डिनर में कौन-कौन हुए शामिल

यह डिनर व्हाइट हाउस के स्टेट डाइनिंग रूम में आयोजित किया गया, जिसमें टेक जगत के मार्क ज़करबर्ग (मेटा), बिल गेट्स (माइक्रोसॉफ्ट), टिम कुक (एप्पल), सत्य नडेला (माइक्रोसॉफ्ट), सुंदर पिचाई (गूगल), सैम ऑल्टमैन (ओपनएआई), सर्गेई ब्रिन (गूगल), सफ्रा कैट्ज़ (ओरेकल), डेविड लिम्प (ब्लू ओरिजिन), संजय मेहरोत्रा (माइक्रोन टेक्नोलॉजी), ग्रेग ब्रॉकमैन (ओपनएआई), विवेक रानादिवे (टिब्को सॉफ्टवेयर) और श्याम शंकर (पैलेंटिर) प्रमुख चेहरे मौजूद थे।

Also Read: रायबरेली में राजधानी एक्सप्रेस के ठहराव की उठी मांग, राहुल गांधी ने लिखा रेल मंत्री को पत्र

Get real time updates directly on you device, subscribe now.