ईरान पर फिर गरजे Trump, बोले- ‘हम किसी भी तरह जीतेंगे, समझौता नहीं तो कार्रवाई होगी’
US Iran War: ईरान और अमेरिका के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ता नजर आ रहा है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने ईरान को लेकर सख्त बयान देते हुए कहा कि अमेरिका किसी भी हाल में अपने लक्ष्य से पीछे नहीं हटेगा। उन्होंने कहा कि या तो दोनों देशों के बीच समझौता होगा या फिर अमेरिका अपना अभियान पूरा करेगा।
ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है, जब ईरान में पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार की प्रक्रिया चल रही है। उनके बयान के बाद दोनों देशों के बीच जुबानी जंग और तेज हो गई है।
Trump ने क्या कहा?
एक संबोधन के दौरान ट्रंप ने कहा,
या तो हम समझौता करेंगे, या फिर काम तमाम करेंगे।
हालांकि उन्होंने यह भी जोड़ा कि उनकी पहली पसंद सैन्य कार्रवाई नहीं, बल्कि बातचीत के जरिए समाधान निकालना है।
ट्रंप ने दावा किया कि यदि जरूरत पड़ी तो अमेरिका बहुत कम समय में ईरान के अहम पुलों, ऊर्जा आपूर्ति और बिजली उत्पादन संयंत्रों को निशाना बना सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि ईरान की आर्थिक स्थिति पहले जैसी मजबूत नहीं रही और अमेरिका ने उसे कोई वित्तीय मदद नहीं दी है।
इससे पहले भी Trump दावा कर चुके हैं कि यदि अमेरिका चाहता, तो ईरान के शीर्ष नेतृत्व को एक ही हमले में खत्म कर सकता था। उन्होंने कहा था कि ऐसा इसलिए नहीं किया गया क्योंकि फिर बातचीत के लिए कोई नहीं बचता।
Iran का पलटवार
ट्रंप के बयान पर ईरान ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी। आर्मेनिया स्थित ईरानी दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा कि अमेरिका न तो ईरान की भावनाओं को समझ सकता है और न ही उसके इतिहास और संस्कृति का सम्मान करता है।
दूतावास ने लिखा,
लोगों को मारा जा सकता है, लेकिन विचारों को नहीं। आपने अयातुल्ला खामेनेई को मारा, लेकिन सिर्फ इत्र की एक शीशी तोड़ी है, जिसकी खुशबू अब हर जगह फैल चुकी है।
खामेनेई की अंतिम यात्रा जारी
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अयातुल्ला अली खामेनेई का पार्थिव शरीर कोम पहुंच चुका है। सरकारी मीडिया ने हेलीकॉप्टर के जरिए पार्थिव शरीर को जमकरान मस्जिद लाए जाने का वीडियो भी प्रसारित किया। बताया गया है कि अंतिम यात्रा आगे कोम से इराक के पवित्र शहर नजफ और कर्बला तक जाएगी, जहां धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किए जाएंगे।
Also Read: पाकिस्तान के डिप्टी PM इशाक डार के पोते पर विदेशी महिला से गैंगरेप का आरोप, इस्तीफे की उठी मांग

