पुतिन से बात के बाद ट्रंप ने जेलेंस्की से की मुलाकात, शांति की अपील के साथ टॉमहॉक मिसाइलों पर नरम पड़ा रुख
Sandesh Wahak Digital Desk: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ ढाई घंटे की फ़ोन पर बातचीत करने के अगले ही दिन व्हाइट हाउस में अपने यूक्रेनी समकक्ष वोलोडिमिर जेलेंस्की से मुलाक़ात की। इस द्विपक्षीय बैठक के बाद, ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर पोस्ट करते हुए जेलेंस्की के साथ हुई बातचीत को काफ़ी रोचक और सौहार्दपूर्ण बताया।
ट्रंप की शांति की अपील
राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने पोस्ट में कहा कि उन्होंने जेलेंस्की से स्पष्ट कहा कि अब हत्याएँ रोकने और समझौता करने का समय आ गया है। उन्होंने लिखा, मैंने उनसे कहा, जैसा कि मैंने राष्ट्रपति पुतिन को भी सुझाव दिया था कि अब समय आ गया है कि हत्याएँ रोकी जाएँ और समझौता किया जाए। दोनों को जहाँ हैं, वहीं रुक जाना चाहिए। दोनों को जीत का दावा करने दें, इतिहास को फ़ैसला करने दें! अब और गोलीबारी नहीं, अब और मौतें नहीं, अब और बेहिसाब धनराशि ख़र्च नहीं।
ट्रंप ने इस युद्ध को ऐसा युद्ध बताया जो अगर वह राष्ट्रपति होते तो कभी शुरू ही नहीं होता। उन्होंने कहा, हर हफ़्ते हज़ारों लोग मारे जा रहे हैं, अब और नहीं, शांति से अपने परिवारों के पास घर जाओ।
टॉमहॉक मिसाइलों पर नरम हुए ट्रंप
द्विपक्षीय बैठक से पहले मीडिया से बात करते हुए, अमेरिकी राष्ट्रपति यूक्रेन को लंबी दूरी की टॉमहॉक मिसाइलें देने के अपने पुराने कड़े रुख से हटते हुए दिखाई दिए। उन्होंने कहा, हम चाहेंगे कि उन्हें टॉमहॉक मिसाइलों की ज़रूरत ही न पड़े। सच कहूँ तो, हम युद्ध ख़त्म करना ही चाहेंगे। हम युद्ध ख़त्म करने के लिए ही इसमें शामिल हैं।
हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका को अपनी सुरक्षा के लिए इन मिसाइलों की ज़रूरत है, क्योंकि वह मिसाइलें भी यूक्रेन भेजी जा रही हैं। यूक्रेन के राष्ट्रपति को उम्मीद है कि इज़रायल-हमास युद्ध की तरह ही रूस और यूक्रेन के बीच भी जल्द ही युद्ध रुक सकता है।
Also Read: अब WhatsApp पर नहीं भेज पाएंगे अनगिनत मैसेज, जल्द लगने वाली है लिमिट

