ट्रंप की पुतिन से सीधी अपील लाई रंग, भीषण ठंड को देखते हुए रूस कीव पर हमले न करने को राजी
Sandesh Wahak Digital Desk: दुनिया को युद्ध की विभीषिका से बाहर निकालने का वादा कर सत्ता में लौटे डोनाल्ड ट्रंप ने यूक्रेन युद्ध को लेकर एक बड़ी कूटनीतिक जीत का दावा किया है। ट्रंप के मुताबिक, कड़ाके की ठंड और मानवीय संकट को देखते हुए उन्होंने व्यक्तिगत रूप से रूसी राष्ट्रपति पुतिन से बात की, जिसके बाद रूस एक हफ्ते तक राजधानी कीव समेत अन्य शहरों पर गोलीबारी नहीं करने पर सहमत हो गया है।
ट्रंप ने व्हाइट हाउस में बताया कि कई सलाहकारों ने उन्हें पुतिन को फोन न करने की सलाह दी थी। सलाहकारों का मानना था कि इससे कोई फायदा नहीं होगा। ट्रंप ने कहा, मैंने सलाहकारों की बात नहीं मानी और सीधे पुतिन से बात की। रिकॉर्ड तोड़ ठंड के कारण यूक्रेन के लोगों की स्थिति बेहद खराब है, ऐसे में मिसाइल हमले इस तबाही को और बढ़ा देते। पुतिन मेरी बात समझ गए और उन्होंने एक हफ्ते का ‘सीजफायर’ स्वीकार कर लिया।
शांति समझौते का मसौदा लगभग तैयार
ट्रंप के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ ने बताया कि पर्दे के पीछे शांति वार्ता बहुत तेजी से आगे बढ़ रही है। विटकॉफ के अनुसार पिछले रविवार अबू धाबी में अमेरिकी अधिकारियों और पांच रूसी जनरलों के बीच एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। जिनेवा और अबू धाबी की वार्ताओं के बाद शांति समझौते का मसौदा काफी हद तक तैयार हो चुका है। एक सुरक्षा प्रोटोकॉल और आर्थिक समृद्धि को लेकर समझौते पर काम पूरा होने के करीब है। यूक्रेन के लोगों को अब उम्मीद है कि चार साल से जारी यह जंग जल्द खत्म होगी।
Also Read: अन्ना हजारे ने शुरू किया आमरण अनशन, बोले- जब तक लोकायुक्त कानून नहीं, तब तक अन्न-जल नहीं

