पाकिस्तान संग तेल साझेदारी पर बोले ट्रंप, हो सकता है पाक बेचे भारत को तेल
Sandesh Wahak Digital Desk: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय व्यापार और कूटनीति को लेकर बड़ा बयान दिया है, जिससे हलचल मच गई है। भारत पर 1 अगस्त से 25% टैरिफ लगाने की घोषणा के चंद घंटों बाद, ट्रंप ने पाकिस्तान के साथ तेल क्षेत्र में एक बड़ी साझेदारी का ऐलान कर दिया है। ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका और पाकिस्तान अब मिलकर इस्लामाबाद के विशाल तेल भंडार को विकसित करेंगे।
ट्रंप ने अपने बयान में कहा, हमने अभी-अभी पाकिस्तान के साथ एक समझौता किया है, जिसके तहत अमेरिका और पाकिस्तान अपने तेल भंडार को मिलकर विकसित करेंगे। फिलहाल हम उस तेल कंपनी का चयन कर रहे हैं जो इस प्रोजेक्ट की अगुवाई करेगी। इसके बाद ट्रंप ने एक चौंकाने वाला दावा करते हुए कहा, हो सकता है, कोई दिन ऐसा भी आए जब पाकिस्तान भारत को तेल बेचे।

अमेरिका फर्स्ट नीति का नया अध्याय
यह बयान ऐसे समय पर आया है जब ट्रंप भारत पर 1 अगस्त से 25% टैरिफ और रूस के साथ रक्षा एवं ऊर्जा साझेदारी पर जुर्माना लगाने की घोषणा कर चुके हैं। इन बयानों से स्पष्ट संकेत मिलता है कि ट्रंप अपनी ‘अमेरिका फर्स्ट’ विदेश नीति को एक बार फिर तेजी से लागू करना चाहते हैं। इस नीति में पुराने सहयोगियों पर दबाव बनाना और नए रणनीतिक गठजोड़ बनाना शामिल है।
ट्रंप ने यह भी बताया कि वे इन दिनों व्हाइट हाउस में व्यापार समझौतों को अंतिम रूप देने में काफी व्यस्त हैं। उन्होंने खुलासा किया कि उन्होंने दक्षिण कोरियाई व्यापार प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की है, जो टैरिफ कम करने का प्रस्ताव लेकर आया है। दुनिया के कई देश अब अमेरिका को टैरिफ कम करने के प्रस्ताव दे रहे हैं। यह हमारे व्यापार घाटे को कम करने में अहम भूमिका निभाएगा। हम उचित समय पर इसकी पूरी रिपोर्ट जारी करेंगे। अमेरिका को फिर से महान बनाना है।
भारत के लिए क्या हैं मायने
ट्रंप का यह बयान भारत के लिए कूटनीतिक रूप से चिंता का विषय बन सकता है। एक ओर जहाँ भारत पर टैरिफ और जुर्माने की बात हो रही है, वहीं दूसरी ओर पाकिस्तान को आर्थिक और रणनीतिक तौर पर उभारने की कोशिश की जा रही है। अगर यह डील आगे बढ़ती है और पाकिस्तान के तेल भंडार से निर्यात संभव होता है, तो दक्षिण एशिया की ऊर्जा राजनीति में एक नया मोड़ आ सकता है। यह देखना दिलचस्प होगा कि भारत इस पर क्या प्रतिक्रिया देता है।
Also Read: Bareilly News: बाइक सवार दंपत्ति से लूट, महिला की मौत, SSP और फॉरेंसिक टीम मौके पर

