ट्रंप का दावा, ऑपरेशन सिंदूर में मेरे हस्तक्षेप से बची पाकिस्तानी प्रधानमंत्री की जान

Sandesh Wahak Digital Desk: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने दूसरे कार्यकाल के पहले स्टेट ऑफ द यूनियन संबोधन में दुनिया के सामने अपनी सफलताओं का एक लंबा रिपोर्ट कार्ड पेश किया। हमेशा की तरह अपने बेबाक अंदाज में ट्रंप ने दावा किया कि उनके दखल की वजह से दुनिया के आठ बड़े युद्ध समाप्त हुए हैं। इस दौरान उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच हुए तनावपूर्ण ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र कर सबको चौंका दिया।

व्हाइट हाउस में दिए गए अपने संबोधन में ट्रंप ने कहा कि उनके शुरुआती दस महीनों के कार्यकाल में उन्होंने कंबोडिया-थाईलैंड से लेकर भारत-पाकिस्तान जैसे आठ संघर्षों को शांत कराया है। भारत द्वारा आतंकी ढांचों के खिलाफ चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए ट्रंप ने दावा किया कि अगर हम संभावित परमाणु युद्ध के बीच दखल न देते, तो करोड़ों लोगों का मानना है कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री की जान चली गई होती। खुद शहबाज शरीफ ने मुझसे कहा था कि अगर अमेरिका बीच में न आता, तो उस दौरान 3.5 करोड़ पाकिस्तानी मारे जाते।

इन युद्धों को खत्म करने का लिया श्रेय

ट्रंप ने अपनी पीसमेकिंग लिस्ट में कई देशों के नाम गिनाए। उन्होंने कहा कि उनके प्रयासों से कोसोवो-सर्बिया, इजरायल-ईरान, मिस्र-इथियोपिया, आर्मेनिया-अजरबैजान, कांगो-रवांडा और गाजा युद्ध जैसे खतरनाक संघर्षों को रोकने में मदद मिली है।

राष्ट्रपति ने अमेरिकी संसद (कांग्रेस) को बताया कि पिछले एक साल में अमेरिका ने ऐसा अभूतपूर्व परिवर्तन देखा है, जैसा इतिहास में पहले कभी नहीं हुआ। उन्होंने गर्व के साथ कहा, अमेरिका अब उस स्थिति में कभी वापस नहीं जाएगा जहाँ वह कुछ समय पहले था। हम एक ऐसा राष्ट्र बना रहे हैं जहाँ सरकार शक्तिशाली लोगों के बजाय जनता के प्रति जवाबदेह हो। पहली बार देश को ऐसा राष्ट्रपति मिला है जो अमेरिका को सर्वोपरि रखता है।

ट्रंप का यह संबोधन अमेरिकी इतिहास के सबसे लंबे भाषणों में से एक माना जा रहा है। जानकारों का कहना है कि यह 1 घंटे 45 मिनट से भी अधिक लंबा रहा, जिसने पिछले कई रिकॉर्ड तोड़ दिए। अपने भाषण के अंत में उन्होंने 1776 के आदर्शों को याद करते हुए कहा कि अब हमारी बारी है कि हम आने वाली पीढ़ी के लिए स्वतंत्रता और सुख की रक्षा करें।

Also Read: NCERT की किताब में न्यायपालिका में भ्रष्टाचार का जिक्र होने पर भड़के चीफ जस्टिस, बोले- छवि खराब करने की इजाजत किसी को नहीं

Get real time updates directly on you device, subscribe now.