ट्रंप ने न्यूयॉर्क टाइम्स पर किया मानहानि मुकदमा, बोले- दशकों से मेरे खिलाफ चला रहा है झूठ का अभियान

Sandesh Wahak Digital Desk: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर मीडिया पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने अमेरिकी दैनिक समाचार पत्र द न्यूयॉर्क टाइम्स पर 15 अरब डॉलर (लगभग 1.24 लाख करोड़ रुपये) का मानहानि का केस दर्ज कराया है। ट्रंप का आरोप है कि यह अखबार दशकों से उनके खिलाफ झूठ का अभियान चला रहा है और कट्टरपंथी वामपंथी डेमोक्रेट पार्टी के मुखपत्र की तरह काम करता है।

ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर एक बयान जारी करते हुए कहा कि द न्यूयॉर्क टाइम्स अमेरिका के इतिहास के सबसे घटिया अखबारों में से एक है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह अखबार उन्हें, उनके परिवार, उनके व्यापार और उनके राजनीतिक आंदोलन को जानबूझकर निशाना बना रहा है।

ट्रंप ने डेमोक्रेटिक उम्मीदवार कमला हैरिस के समर्थन का आरोप लगाते हुए कहा कि अखबार के पहले पन्ने पर उनकी मौजूदगी अब तक का सबसे बड़ा अवैध चुनावी योगदान है। उन्होंने कहा कि न्यूयॉर्क टाइम्स फर्जी खबरों का सबसे बड़ा नेटवर्क है, जिसके खिलाफ वे पहले भी कई सफल मुकदमे दर्ज करा चुके हैं।

यह पहली बार नहीं है जब ट्रंप ने किसी मीडिया संस्थान पर केस किया है। इससे पहले, एबीसी न्यूज ने ट्रंप के साथ एक मुकदमे का निपटारा करते हुए उनकी लाइब्रेरी के लिए 1.5 करोड़ डॉलर का दान दिया था। इसी तरह, सीबीएस की मूल कंपनी पैरामाउंट ने भी ट्रंप लाइब्रेरी प्रोजेक्ट के लिए 1.6 करोड़ डॉलर का भुगतान करके एक अलग मुकदमे को खत्म किया था। ट्रंप ने कहा, द न्यूयॉर्क टाइम्स को बहुत लंबे समय से खुलेआम झूठ बोलने और बदनाम करने की छूट दी गई थी, लेकिन अब यह सब बंद हो जाएगा।

Also Read: बिहार सरकार का छात्रों को तोहफा, स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड पर अब कोई ब्याज नहीं लगेगा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.