ट्रंप की ईरान को चेतावनी, बोले- हम पर हमला किया तो अमेरिकी सेना का ऐसा पलटवार होगा जो कभी नहीं देखा

Sandesh Wahak Digital Desk: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को बेहद कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने साफ कहा है कि अगर ईरान ने अमेरिका पर किसी भी तरह से हमला किया, तो अमेरिकी सेनाएं ऐसे स्तर पर पलटवार करेंगी जो पहले कभी नहीं देखा गया होगा। ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है जब इजरायल और ईरान के बीच पश्चिम एशिया में तनाव अपने चरम पर है।

ट्रंप ने अमेरिका का रुख किया स्पष्ट

शनिवार को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर ट्रंप ने एक पोस्ट में लिखा, शनिवार रात इजरायल द्वारा ईरान पर किए गए हमले में अमेरिका की कोई भूमिका नहीं थी, इसलिए अमेरिका पर किसी भी प्रकार का हमला गंभीर नतीजों को जन्म देगा। उन्होंने आगे कहा, हम आसानी से ईरान और इजरायल के बीच एक समझौता करवा सकते हैं और इस खूनी संघर्ष को समाप्त किया जा सकता है। यह बयान दिखाता है कि अमेरिका इस क्षेत्रीय तनाव को लेकर कितना गंभीर है।

इजरायल की ईरान पर बड़ी कार्रवाई

डोनाल्ड ट्रंप की यह चेतावनी तब आई है जब इजरायल ने शनिवार रात ईरान पर एक बड़ा हवाई हमला किया। इस हमले में ईरान के रक्षा मंत्रालय के मुख्यालय, ऊर्जा संयंत्र और परमाणु स्थलों को निशाना बनाया गया। यह लगातार तीसरी रात था जब इजरायल ने ‘ऑपरेशन राइजिंग लायन’ के तहत ईरान पर हमला किया। इजरायली रक्षा बल (IDF) ने बताया कि तेहरान स्थित उन ठिकानों को निशाना बनाया गया जो ईरान के परमाणु हथियार कार्यक्रम से जुड़े हुए थे। इन हमलों के बाद यरुशलम और तेल अवीव में हवाई हमले के सायरन बजने लगे, जिससे लोगों में दहशत फैल गई।

परमाणु वार्ता रद्द, ईरान का इजरायल पर पलटवार

ट्रंप के बयान से कुछ घंटे पहले ही ईरान ने अमेरिका के साथ ओमान में होने वाली अपनी नियोजित परमाणु वार्ता को रद्द कर दिया। गौरतलब है कि शुक्रवार को ट्रंप ने ईरान से अपील की थी कि वह अमेरिका के साथ अपने परमाणु कार्यक्रम को लेकर कोई समझौता करे। वहीं, इजरायल के ताजा हमलों के बाद ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने भी जवाबी कार्रवाई की है। उन्होंने दावा किया कि उनकी मिसाइलों और ड्रोनों ने इजरायल की ऊर्जा प्रणाली और उन जगहों को निशाना बनाया जहां फाइटर जेट्स के लिए ईंधन तैयार किया जाता है। इस जवाबी हमले से पश्चिम एशिया में तनाव और भी बढ़ गया है।

Also Read: NEET में अपेक्षा से कम अंक मिलने पर छात्र ने की आत्महत्या, महराजगंज में फंदे से लटका मिला शव

Get real time updates directly on you device, subscribe now.