Trump’s Big Step: नेतन्याहू के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी करने वाले कोर्ट पर ट्रंप का बड़ा कदम, लगाए कड़े प्रतिबंध

Trump’s Big Step: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इजरायल के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय अपराध अदालत (आईसीसी) की कार्रवाई पर बड़ा कदम उठाते हुए उस पर प्रतिबंध लगाने संबंधी आदेश पर हस्ताक्षर कर दिए हैं। यह आदेश ऐसे समय में आया है जब प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू अमेरिका के दौरे पर हैं। आईसीसी ने हाल ही में गाजा पट्टी में कथित युद्ध अपराधों को लेकर नेतन्याहू के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया था।

ट्रंप के आदेश में कहा गया है कि आईसीसी ने इजरायल और अमेरिका जैसे देशों के खिलाफ अवैध और निराधार कार्रवाई की है। इसमें नेतन्याहू और पूर्व रक्षा मंत्री योआव गैलेंट के खिलाफ जारी गिरफ्तारी वारंट को बेबुनियाद करार देते हुए अदालत पर शक्ति के दुरुपयोग का आरोप लगाया गया है।

गाजा में हिंसा बनी वारंट की वजह

आईसीसी का यह कदम अक्टूबर 2023 में इजरायल और हमास के बीच हुए संघर्ष के बाद आया। हमास के हमले के जवाब में इजरायली सेना ने गाजा पट्टी में बड़ी सैन्य कार्रवाई की थी, जिसमें बच्चों सहित हजारों फलस्तीनियों की मौत हुई थी। आईसीसी ने इसे युद्ध अपराध मानते हुए नेतन्याहू के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया था।

आईसीसी पर अमेरिका का रुख सख्त

ट्रंप ने कहा कि अमेरिका या इजरायल आईसीसी के अधिकार क्षेत्र से बाहर हैं और यह अदालत अपने दायरे से बाहर जाकर काम कर रही है। आदेश में कहा गया है कि अमेरिका आईसीसी पर ठोस प्रतिबंध लगाएगा।

नेतन्याहू का अमेरिकी दौरा जारी

डोनाल्ड ट्रंप का यह कदम तब आया है जब नेतन्याहू अमेरिका के दौरे पर हैं। हाल ही में व्हाइट हाउस में ट्रंप और नेतन्याहू के बीच वार्ता हुई थी। इसके अलावा नेतन्याहू ने अमेरिकी संसद ‘कैपिटल हिल’ में सांसदों से भी मुलाकात की। बता दे, ट्रंप के इस आदेश के बाद अंतरराष्ट्रीय कूटनीति में तनाव बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।

Also Read: France: मार्सिले में भारतीय वाणिज्य दूतावास का उद्घाटन करेंगे पीएम मोदी और राष्ट्रपति मैक्रों

Get real time updates directly on you device, subscribe now.