भारत पर ट्रंप का ‘टैरिफ अटैक’, रूसी तेल खरीद पर भड़के, 25% का लगाया अतिरिक्त शुल्क
Sandesh Wahak Digital Desk: अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर भारत पर व्यापारिक प्रतिबंध लगाए हैं। बुधवार को उन्होंने एक कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर किए, जिसके तहत भारत पर 25% का अतिरिक्त टैरिफ लगाया जाएगा। अमेरिका की तरफ से कहा गया है कि यह फैसला भारत द्वारा रूस से लगातार तेल खरीद के जवाब में लिया गया है। इस नए टैरिफ के साथ ही भारत पर अमेरिका का कुल टैरिफ 50% हो गया है।
यह पहला मौका नहीं है। इससे पहले भी ट्रंप प्रशासन ने भारत पर 25% टैरिफ और पेनल्टी की घोषणा की थी, जिसकी वजह भी रूस से तेल खरीदना ही बताया गया था।
कब से लागू होगा नया टैरिफ?
ट्रंप द्वारा हस्ताक्षरित आदेश के अनुसार, यह नया टैरिफ 21 दिनों के भीतर, यानी 27 अगस्त 2025 से प्रभावी होगा। यह उन सभी भारतीय सामानों पर लागू होगा जो इस तारीख के बाद अमेरिका के लिए रवाना होंगे। हालांकि, जो सामान 27 अगस्त से पहले भेजे जा चुके होंगे और 17 सितंबर 2025 से पहले अमेरिका पहुंच जाएंगे, उन्हें इस शुल्क से छूट दी जाएगी। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यह टैरिफ अन्य सभी शुल्कों और टैक्स के अतिरिक्त होगा।
अन्य देशों पर भी हो सकती है कार्रवाई
ट्रंप प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि अगर कोई और देश भी परोक्ष या सीधे तौर पर रूस से तेल आयात करता है, तो उस पर भी इसी तरह की कार्रवाई की जा सकती है। इसके अलावा, आदेश में यह भी कहा गया है कि अगर रूस या कोई अन्य प्रभावित देश अमेरिका की नीतियों के अनुरूप कदम उठाता है, तो इस आदेश में बदलाव भी संभव है।
Also Read: गलवान झड़प के बाद पहली बार चीन जाएंगे PM मोदी, SCO शिखर सम्मेलन में होंगे शामिल

