Turkiye Earthquake: तुर्किये में फिर कांपी धरती, इस्तांबुल के पास 6.2 तीव्रता का भूकंप, लोगों में दहशत का माहौल

Turkiye Earthquake: तुर्किये में एक बार फिर धरती कांपी जब इस्तांबुल के नजदीक भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। सोमवार को आए इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 6.2 मापी गई। भूकंप का केंद्र इस्तांबुल से लगभग 80 किलोमीटर पश्चिम में स्थित सिलिवरी क्षेत्र में था और इसकी गहराई करीब 10 किलोमीटर बताई जा रही है।

महसूस हुए भूकंप के तेज झटके

भूकंप के झटके इतने तेज थे कि लोग डर के मारे अपने घरों और दफ्तरों से बाहर निकल आए। कई इलाकों में इमारतों को खाली कर दिया गया। हालांकि, फिलहाल किसी बड़े नुकसान या जानमाल की हानि की कोई पुष्टि नहीं हुई है। केवल एक व्यक्ति के घायल होने की खबर है, जो घबराकर बालकनी से कूद गया था।

2023 में आ चुका है भयंकर भूकंप

तुर्किये भूकंप प्रभावित क्षेत्रों में से एक है और यहां अक्सर भूकंप आते रहते हैं। इससे पहले 6 फरवरी, 2023 को तुर्किये में 7.8 तीव्रता का विनाशकारी भूकंप आया था, जिसने देश को हिला कर रख दिया था। उस हादसे में तुर्किये में 53,000 से अधिक लोगों की मौत हुई थी, जबकि पड़ोसी देश सीरिया में भी 6,000 से ज्यादा लोग जान गंवा बैठे थे। उस समय दुनियाभर से सहायता पहुंची थी। भारत, अमेरिका, रूस और कई यूरोपीय देशों ने राहत और बचाव कार्यों के लिए टीमें और संसाधन भेजे थे।

बता दे, वर्तमान भूकंप के बाद प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है और राहत टीमें किसी भी आपात स्थिति के लिए तैयार हैं। नागरिकों से अपील की गई है कि वे अफवाहों से बचें और केवल सरकारी स्रोतों से मिली जानकारी पर ही भरोसा करें। भू-वैज्ञानिकों की मानें तो क्षेत्र में आफ्टरशॉक्स की संभावना भी बनी हुई है।

Also Read: चीन अंतरिक्ष दिवस पर करेगा बड़ा वैज्ञानिक प्रयोग, शेनझोउ-20 मिशन के तहत तीन नए अंतरिक्ष यात्री स्टेशन के लिए रवाना

Get real time updates directly on you device, subscribe now.