Turkish Airlines का विमान बड़े हादसे से बचा, कोलकाता में करानी पड़ी इमरजेंसी लैंडिंग
Sandesh Wahak Digital Desk: तुर्की एयरलाइंस (Turkish Airlines) का एक यात्री विमान बड़े हवाई हादसे से बाल-बाल बच गया। फ्लाइट में इंजन में आग लगने के बाद बुधवार 4 फरवरी को विमान की कोलकाता हवाई अड्डे पर आपातकालीन लैंडिंग करानी पड़ी। विमान में कुल 236 यात्री सवार थे। राहत की बात यह रही कि सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने की खबर सामने नहीं आई है।
काठमांडू से इस्तांबुल जा रही थी फ्लाइट
एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार टर्किश एयरलाइंस (Turkish Airlines) की फ्लाइट TK 727 नेपाल के काठमांडू से तुर्की के इस्तांबुल के लिए रवाना हुई थी। जब विमान कोलकाता के हवाई क्षेत्र में पहुंचा तब पायलट ने देखा कि इंजन के एक हिस्से में आग लग गई है। स्थिति को गंभीर मानते हुए पायलट ने तुरंत कोलकाता एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क किया और आपातकालीन लैंडिंग की अनुमति मांगी।
कोलकाता एटीसी से हरी झंडी मिलने के बाद Turkish Airlines के विमान को बेहद सावधानी के साथ रनवे पर उतारा गया। इस दौरान फायर ब्रिगेड की टीम और आपातकालीन सेवाएं पहले से ही हवाई अड्डे पर तैनात थीं। विमान के सुरक्षित उतरने के बाद यात्रियों को बाहर निकाला गया। फिलहाल विमान की मरम्मत का काम जारी है और यात्री हवाई अड्डे पर इंतजार कर रहे हैं। इस बात की जांच की जा रही है कि इंजन में आग यांत्रिक खराबी के कारण लगी थी या किसी अन्य वजह से।
हवाई अड्डे को अस्थायी रूप से किया गया बंद
त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के महाप्रबंधक टेक नाथ सीताउला के अनुसार यह घटना दोपहर 1 बजकर 28 मिनट पर हुई थी। Turkish Airlines के विमान के उड़ान भरने के महज चार मिनट बाद दाहिने इंजन में आग लगने की सूचना मिली थी। उन्होंने बताया कि विमान में 225 यात्री सवार थे। इंजन में आग की सूचना मिलते ही एहतियात के तौर पर त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को लगभग 15 मिनट के लिए बंद कर दिया गया था।
सीताउला ने बताया कि घटना के बाद तुरंत दमकल गाड़ियों और एम्बुलेंस सहित सभी आपातकालीन व्यवस्थाएं तैयार कर ली गई थीं और हवाई अड्डे को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया था। बाद में तुर्की एयरलाइंस (Turkish Airlines) के चालक दल द्वारा विमान को कोलकाता की ओर मोड़ने के फैसले की जानकारी देने के बाद आगे की प्रक्रिया पूरी की गई। उन्होंने यह भी बताया कि विमान कोलकाता में सुरक्षित उतर गया है और त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर परिचालन सामान्य कर दिया गया है।
जांच के बाद साफ होगी आग लगने की वजह
इस पूरी घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है। फिलहाल एयरलाइन की तरफ से Turkish Airlines के विमान की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि इंजन में आग लगने की असली वजह क्या थी। यह घटना एक बार फिर हवाई सुरक्षा व्यवस्था की अहमियत को सामने लाती है और दिखाती है कि समय पर लिया गया फैसला बड़े हादसे को टाल सकता है।
Also Read: सिद्धार्थनगर: कपिलवस्तु विधानसभा को बड़ी सौगात, 54 जर्जर सड़कों की मरम्मत को मिली मंजूरी

