टीवी अभिनेत्री नवीना बोले ने साजिद खान पर लगाया यौन उत्पीड़न का गंभीर आरोप, किया चौंकाने वाला खुलासा !
Sandesh Wahak Digital Desk: टीवी जगत की जानी-मानी अभिनेत्री नवीना बोले ने फिल्म निर्माता साजिद खान पर यौन उत्पीड़न का गंभीर आरोप लगाया है। यूट्यूबर सुभोजित घोष को दिए गए हालिया इंटरव्यू में नवीना ने बताया कि साल 2004 में साजिद खान ने उन्हें अपने ऑफिस में बुलाकर कपड़े उतारने के लिए कहा था। यह घटना उस समय की है जब फिल्म हे बेबी की कास्टिंग चल रही थी।
नवीना ने किया ये बड़ा खुलासा

नवीना बोले ने कहा, “एक बहुत ही भयानक आदमी है, जिससे मैं अपनी जिंदगी में फिर कभी नहीं मिलना चाहूंगी, उसका नाम साजिद खान है। जब महिलाओं का अनादर करने की बात आई तो उसने वाकई सारी हदें पार कर दीं।”
उन्होंने आगे बताया कि जब साजिद खान ने उन्हें फोन किया, तो वह बहुत उत्साहित थीं। लेकिन जब वह उनसे मिलने उनके ऑफिस पहुंचीं, तो साजिद ने उन्हें कपड़े उतारने के लिए कहा। यह अनुभव नवीना के लिए गहरा आघात देने वाला था।
नवीना बोले छोटे पर्दे की हैं लोकप्रिय एक्ट्रेस

नवीना बोले छोटे पर्दे की एक लोकप्रिय अभिनेत्री रही हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत 1998 में टीवी शो CID से की थी। इसके बाद वह मिले जब हम तुम, इश्कबाज, राम मिलाई जोड़ी, बालवीर, ये है मोहब्बतें और अदालत जैसे कई सफल धारावाहिकों में नजर आईं। हाल ही में वह वेब सीरीज रसीली रातें में भी दिखाई दी थीं।
गौरतलब है कि साजिद खान का नाम इससे पहले भी 2018 में #MeToo अभियान के दौरान सामने आया था, जब कई महिलाओं ने उन पर यौन शोषण के आरोप लगाए थे। बता दे, फिलहाल साजिद खान की ओर से इस मामले पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

