टीवी एक्ट्रेस प्रिया मराठे का निधन, कैंसर से हारीं जिंदगी की जंग
Sandesh Wahak Digital Desk: टीवी इंडस्ट्री से एक दुखद खबर सामने आई है। मशहूर एक्ट्रेस प्रिया मराठे का 38 साल की उम्र में निधन हो गया है। उनके अचानक चले जाने से टीवी और मराठी इंडस्ट्री में शोक की लहर है।
प्रिया मराठे का निधन शनिवार को मुंबई में उनके मीरा रोड स्थित घर पर हुआ। वह पिछले कुछ सालों से कैंसर से जूझ रही थीं। बीच में वह ठीक हो गई थीं, लेकिन कुछ समय पहले कैंसर फिर से फैलने लगा और उनके शरीर ने इलाज पर प्रतिक्रिया देना बंद कर दिया था।
कई मशहूर शोज का हिस्सा रहीं प्रिया
प्रिया मराठे ने कई हिंदी और मराठी टीवी शोज में काम किया है। उन्हें सबसे ज़्यादा पहचान ज़ी टीवी के मशहूर शो ‘पवित्र रिश्ता’ में उनके नेगेटिव किरदार ‘वर्षा देशपांडे’ से मिली थी। इसके अलावा उन्होंने ‘कसम से’, ‘उतरन’, ‘बड़े अच्छे लगते हैं’, ‘साथ निभाना साथिया’ जैसे कई लोकप्रिय शोज में भी काम किया।
प्रिया अपने नेगेटिव किरदारों के लिए काफी मशहूर थीं। उन्हें आखिरी बार 2023 में मराठी शो ‘तुझेच मी गीत गात आहे’ में देखा गया था। प्रिया मराठे ने 2008 में फिल्म ‘हमने जीना सीख लिया’ से बड़े पर्दे पर भी कदम रखा था।
Also Read: Lucknow News: हत्या की सुपारी लेने जा रहे 4 आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार

