रिटायर्ड इंस्पेक्टर से 35 लाख की ठगी करने वाले दो आरोपी गुजरात से गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: आजमगढ़ के एक रिटायर्ड इंस्पेक्टर को CBI अधिकारी बनने का दावा करने वाले ठगों ने अपना शिकार बना लिया। पूरे 35 लाख रुपये की ठगी कर ली गई और वह भी एक नहीं, तीन किस्तों में। खुद को केंद्रीय जांच एजेंसी का अफसर बताकर उन्होंने इंस्पेक्टर को डराया, धमकाया और फिर डिजिटल अरेस्ट का हवाला देकर रकम ऐंठ ली।
शिकायत मिलने के बाद जिले की साइबर टीम और पुलिस ने मामले की गंभीरता को समझते हुए तेजी से जांच शुरू की। जांच के दौरान मोबाइल नंबरों और बैंक खातों की पड़ताल से आरोपियों तक पहुंच बन गई। टीम ने गुजरात के भावनगर से दो ठगों सवैया कौशिक और भागीरथ सिंह को गिरफ्तार किया।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कुबूल किया कि वे CBI अधिकारी बनकर लोगों को फर्जी केस में फंसाने की धमकी देते थे और फिर पैसों की मांग करते थे। रिटायर्ड इंस्पेक्टर के साथ भी यही स्क्रिप्ट चली और डर के मारे उन्होंने खुद ही 35 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए।
पुलिस का खुलासा और चेतावनी
एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने प्रेस वार्ता में जानकारी दी कि फिलहाल पुलिस ने इस फ्रॉड में से डेढ़ लाख रुपये को होल्ड कर लिया है। मास्टरमाइंड की तलाश अभी जारी है। साथ ही पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस गैंग ने अब तक कितने लोगों को ठगा है। एसपी चिराग जैन ने लोगों से अपील की है कि कोई भी व्यक्ति अगर खुद को पुलिस या CBI अफसर बताकर फोन करे और पैसे मांगे तो सावधान रहें।
Also Read: तकनीकी शिक्षा से ही बनेगा आत्मनिर्भर भारत: कपिल देव अग्रवाल

