लखनऊ में दिनदहाड़े दो बच्चों का अपहरण, फिरौती में मांगे 10 लाख रुपये
Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ के आलमबाग थाना क्षेत्र की बीजी कॉलोनी में दिनदहाड़े दो मासूम बच्चों का अपहरण कर लिया गया है। यह घटना गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे की है। 12 साल के अर्जुन सिंह और प्रद्युम्न यादव घर से साइकिल चलाने निकले थे, जिसके बाद वे वापस नहीं लौटे। अर्जुन के पिता संजय सिंह ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि जब देर शाम तक दोनों बच्चे घर नहीं आए, तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की।
आज सुबह आया फिरौती का मैसेज
पूरी रात बच्चों का कुछ पता नहीं चला। आज सुबह करीब 6 बजे परिजनों के पास एक मैसेज आया, जिसमें लिखा था, “तुम्हारे बच्चे हमारे पास हैं। अगर इन्हें वापस चाहिए तो 10 लाख रुपए देने होंगे।” मैसेज में धमकी दी गई थी कि अगर फिरौती की रकम नहीं दी गई, तो बच्चों को जान से मार दिया जाएगा। यह मैसेज मिलते ही परिजन घबरा गए और तुरंत आलमबाग थाने जाकर रिपोर्ट दर्ज कराई।
साइकिल पर बिठाकर ले गया था किडनैपर
आलमबाग के SHO सुभाष चंद्र सरोज ने बताया कि मामले की जांच के लिए पुलिस की 5 टीमें बनाई गई हैं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं, जिसमें दोनों बच्चे साइकिल चलाते हुए दिख रहे हैं। तभी उनके पास एक युवक आया, उसने बच्चों से कुछ बात की और फिर एक साइकिल वहीं छोड़कर दूसरी पर दोनों को बिठाकर ले गया।
पुलिस ने आरोपी की लोकेशन ट्रेस कर ली है। जांच में पता चला है कि अपहरणकर्ता बच्चों को चारबाग तक साइकिल से ले गया था, जिसके बाद वह लखीमपुर खीरी की ओर गया। पुलिस टीमें आरोपी को पकड़ने के लिए निकल चुकी हैं।
Also Read: गोंडा में एंटी करप्शन टीम का बड़ा एक्शन, 10 हजार की रिश्वत लेते राजस्व निरीक्षक गिरफ्तार

