Kanpur News: मुजफ्फरपुर-अहमदाबाद जनसाधारण एक्सप्रेस के दो कोच पटरी से उतरे, बड़ा हादसा टला
Kanpur News: कानपुर में शुक्रवार को एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। मुजफ्फरपुर से अहमदाबाद जा रही जनसाधारण एक्सप्रेस के दो कोच भाऊपुर स्टेशन के पास पटरी से उतर गए। गनीमत यह रही कि ट्रेन की रफ्तार धीमी थी, जिससे किसी भी यात्री को कोई चोट नहीं आई और कोई हताहत नहीं हुआ।
हादसे के समय, कोचों के पहिए नीचे उतरते ही एक जोरदार आवाज हुई। इससे यात्रियों में अफरातफरी मच गई और वे तुरंत ट्रेन से कूदने लगे। आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। रेलवे ने तुरंत मेडिकल वैन और एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन भेजी, लेकिन किसी भी यात्री को चोट न लगने की खबर मिलते ही मेडिकल वैन को पनकी में ही रोक दिया गया।
ट्रेन नंबर 15269 साबरमती जनसाधारण एक्सप्रेस शुक्रवार को अपने तय समय से करीब दो घंटे की देरी से, दोपहर 3:07 बजे कानपुर सेंट्रल स्टेशन पहुंची थी। स्टेशन से निकलने के बाद, पनकी धाम रेलवे स्टेशन से आगे बढ़ते ही, भाऊपुर स्टेशन के आउटर पर शाम 4:12 बजे ट्रेन के इंजन से छठे और सातवें कोच पटरी से उतर गए। ट्रेन की धीमी गति ने इस घटना को एक बड़े हादसे में बदलने से रोक दिया। मौके पर एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन को भेजा गया है ताकि पटरी की मरम्मत और बचाव कार्य शुरू किया जा सके।
Also Read: Lucknow News: भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह ‘स्वीप’ अभियान से बाहर, जानें क्या है वजह

