लखनऊ नगर निगम का एक्शन, घटिया पैचवर्क के लिए दो ठेकेदार फर्मों पर 25-25 हजार रुपये का जुर्माना
Lucknow News: राजधानी लखनऊ की सड़कों की गुणवत्ता को लेकर लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों और अधिकारियों पर नगर निगम ने सख़्त कार्रवाई की है। ज़ोन-1 के राणा प्रताप मार्ग और नवल किशोर रोड पर हाल ही में किए गए पैचवर्क (Patchwork) की ख़राब गुणवत्ता के कारण सड़कें कुछ ही दिनों में उखड़ गईं, जिस पर निगम ने बड़ा एक्शन लिया है।
घटिया सामग्री के इस्तेमाल पर जुर्माना
कार्य की जाँच करने वाले अधिशासी अभियंता किशोरी लाल की रिपोर्ट मंक पाया गया कि मरम्मत के काम में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया था। इसी वजह से हल्की बारिश और सामान्य आवागमन से ही सड़कें फिर से क्षतिग्रस्त हो गईं। इस मामले में नगर निगम ने दो ठेकेदार फ़र्मों मैसर्स मुकेश एंटरप्राइजेज और मैसर्स ममता ट्रेडर्स पर 25-25 हज़ार रुपये का जुर्माना लगाया है।
जेई पर गिरी गाज
ठेकेदारों के साथ-साथ, कार्य की निगरानी में लापरवाही बरतने वाली जूनियर इंजीनियर (JE) प्रतिमा यादव पर भी गाज गिरी है। नगर निगम ने उनका एक दिन का वेतन काटने की सिफ़ारिश की है। चीफ़ इंजीनियर सिविल महेश वर्मा ने स्पष्ट किया है कि सड़कों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
अपर नगर आयुक्त ललित कुमार ने ठेकेदारों और अधिकारियों को चेतावनी दी है कि भविष्य में अगर ऐसी लापरवाही सामने आई तो ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट करने जैसी और सख़्त कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम ने साफ़ कर दिया है कि शहर की सड़कों को लंबे समय तक सुचारू रखने के लिए गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।
Also Read: Lucknow News: बोरे में बंद मिला नग्न युवक का शव, हत्या की आशंका, पुलिस जांच में जुटी

