Bareilly News: पुलिस के हत्थे चढ़ा अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह, 5 चोरी की बाइक के साथ 2 शातिर गिरफ्तार

Bareilly News: जनपद के थाना देवरनियां पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले एक सक्रिय अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान ग्राम कनमन से इटौआ जाने वाले मार्ग पर स्थित एक पुराने बंद ईंट-भट्टे के खंडहर से गिरोह के दो शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया। इनके पास से पुलिस ने चोरी की 5 मोटरसाइकिलें, मास्टर की सहित 5 चाबियों का गुच्छा, एक मोबाइल फोन और 2,110 रुपये की नकदी बरामद की है।

5 चोरी की बाइक के साथ 2 शातिर गिरफ्तार

मास्टर की से लॉक खोलकर बदलते थे नंबर प्लेट

पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान फुरकान (25 वर्ष) निवासी बिलासपुर (रामपुर) और छोटे (28 वर्ष) निवासी शीशगढ़ (बरेली) के रूप में हुई है। पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे अपने एक अन्य साथी शाने आलम (मोटरसाइकिल मिस्त्री) के साथ मिलकर लंबे समय से वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। यह गिरोह मास्टर चाबी की मदद से मिनटों में बाइक लॉक खोल लेता था। चोरी के बाद वाहनों के चेसिस नंबर मिटाकर और फर्जी नंबर प्लेट लगाकर उन्हें राहगीरों को बेच दिया जाता था। जो गाड़ियाँ नहीं बिक पाती थीं, मिस्त्री शाने आलम उन्हें काटकर कबाड़ में खपा देता था।

पुलिस पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि कम पढ़े-लिखे होने के कारण वे नशा, मौज-मस्ती और अपनी व्यक्तिगत ज़रूरतों को पूरा करने के लिए बाइक चोरी करते थे। आरोपियों के पास से बरामद एक मोटरसाइकिल (UP25DH2104) के संबंध में देवरनियां थाने पर पहले से ही चोरी का मुकदमा (मु०अ०सं० 227/26) दर्ज था। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं (BNS) में नया मामला दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फुरकान पुत्र शब्बू खां (उम्र 25 वर्ष), निवासी मोहल्ला शाहूकारा, थाना बिलासपुर, रामपुर। (पूर्व में भी आर्म्स एक्ट और चोरी के आधा दर्जन मुकदमों में नामजद) और छोटे पुत्र रफीउल्ला (उम्र 28 वर्ष), निवासी मोहल्ला शेखूपुरा, थाना शीशगढ़, बरेली शामिल हैं। इनके पास से 5 चोरी की मोटरसाइकिलें, 5 चाबियाँ, 1 मोबाइल फोन और 2,110 रुपये नकद बरामद हुए हैं।

रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया

Also Read: BTech Admission: यूपी में 74 हजार से ज्यादा सीटें खाली, स्पेशल राउंड-2 शुरू

Get real time updates directly on you device, subscribe now.