Bareilly News: दो अंतरराज्यीय तस्कर 65 लाख की अफीम के साथ गिरफ्तार
Bareilly News: उत्तर प्रदेश में नशीले पदार्थों के काले कारोबार और तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और बरेली की देवरनिया थाना पुलिस को संयुक्त ऑपरेशन में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने नैनीताल हाईवे स्थित बिचपुरी के पास से मादक पदार्थों की अंतरराज्यीय तस्करी करने वाले दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से अंतरराष्ट्रीय बाजार में लगभग 65 लाख रुपये कीमत की 13 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद की गई है।
मामले के अनुसार, 16 मई, 2026 की रात करीब 9:24 बजे एएनटीएफ यूनिट बरेली और थाना देवरनिया पुलिस को मुखबिर के जरिए इनपुट मिला था कि झारखंड से अफीम की एक बड़ी खेप हाईवे के रास्ते ले जाई जा रही है। सूचना पर सतर्क हुई संयुक्त टीम ने तत्काल नैनीताल हाईवे पर बिचपुरी के पास सघन चेकिंग शुरू की और घेराबंदी करके दोनों संदिग्धों को दबोच लिया।
गिरफ्तार किए गए तस्करों की पहचान विशाल कुमार पुत्र विजय रजक, निवासी- ग्राम बरिसाखी, थाना गिद्धौर, जिला चतरा (झारखंड) और अजय कुमार पुत्र सुरेंद्र रविदास, निवासी- ग्राम तेतरिया, थाना पत्थलगड़ा, जिला चतरा (झारखंड) के रूप में हुई है।
आर्थिक तंगी के कारण बने तस्कर
पुलिस लाइंस में मामले का खुलासा करते हुए बताया गया कि पकड़े गए दोनों आरोपियों ने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है। तस्करों ने बताया कि वे झारखंड के नक्सल प्रभावित और सुदूर इलाकों से कम दामों पर अफीम जुटाते थे। इसके बाद आर्थिक तंगी का हवाला देकर वे इसे ऊंचे दामों पर उत्तराखंड के विभिन्न हिस्सों में सप्लाई करने जा रहे थे। आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे इस रूट पर पहले भी कई बार मादक पदार्थों की खेप सुरक्षित पहुंचा चुके हैं।
गिरफ्तार किए गए दोनों तस्करों के खिलाफ थाना देवरनिया, बरेली में मुकदमा अपराध संख्या 187/26, धारा 8/18 एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस दोनों को जेल भेजने के साथ ही इनके पूरे सिंडिकेट के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज खंगाल रही है। इस सफल ऑपरेशन को अंजाम देने वाली टीम में देवरनिया थाना प्रभारी श्री आशुतोष द्विवेदी, एएनटीएफ यूनिट बरेली के उप-निरीक्षक विकास यादव, देवरनिया थाने के उप-निरीक्षक पुष्पेंद्र शर्मा और कांस्टेबल शिवम कुमार शामिल रहे।
Also Read: BCCI लगाएगा ‘पर्ची सेलिब्रेशन’ पर बैन? पूर्व क्रिकेटरों के बयानों से बढ़ा विवाद

