भड़काऊ पोस्ट मामले में नेहा सिंह राठौर की तलाश तेज, लखनऊ पुलिस की दो टीमें दे रहीं दबिश
Sandesh Wahak Digital Desk: भोजपुरी लोकगायिका नेहा सिंह राठौर के खिलाफ पहलगाम आतंकी हमले के संबंध में सोशल मीडिया पर भड़काऊ और विवादित पोस्ट साझा करने के मामले में लखनऊ पुलिस ने तलाश तेज कर दी है। धर्म और जाति के आधार पर समुदायों को भड़काने और राष्ट्रीय अखंडता को प्रभावित करने के आरोपों की सामना कर रहीं नेहा सिंह राठौर हाईकोर्ट के आदेश के बाद भी हजरतगंज थाने में अपना बयान दर्ज कराने नहीं पहुंचीं।
दबिश जारी, सोशल मीडिया पर सक्रियता
हजरतगंज थाने के इंस्पेक्टर विक्रम सिंह ने बताया कि पुलिस की दो टीमें नेहा सिंह राठौर को गिरफ्तार करने के लिए अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस के लिए हैरान करने वाली बात यह है कि पुलिस उन्हें ढूंढ नहीं पा रही है, जबकि लोकगायिका अपने एक्स (X) हैंडल से लगातार तस्वीरें और पोस्ट साझा कर रही हैं।
बीते 25 नवंबर को उन्होंने पति के साथ एक तस्वीर साझा की, जिसमें वह उनके कंधे पर बैठी दिख रही हैं। कैप्शन में उन्होंने लिखा: “सभी विरुद्ध हैं माधव, सब हारेंगे पार्थ!” इसके अलावा, उन्होंने बीएलओ की आत्महत्या से जुड़ी घटनाओं पर भी चिंता व्यक्त की है।
FIR और गंभीर आरोप
नेहा सिंह राठौर के खिलाफ यह मामला 27 अप्रैल 2025 को हजरतगंज थाने में अभय प्रताप सिंह द्वारा दर्ज कराया गया था। 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद नेहा सिंह ने सोशल मीडिया पर कई विवादित बयान और पोस्ट साझा किए थे।
विवेचना के दौरान यह सामने आया था कि उनके पोस्ट में पाकिस्तान में भारत के खिलाफ उपयोग किए जाने वाले तत्वों की बात थी। उन पर भारत की संप्रभुता और अखंडता को प्रभावित करने, लोगों के बीच वैमनस्यता फैलाने, और गलत सूचना देने समेत कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
Also Read: अयोध्या में सीएम योगी और मोहन भागवत की ‘गुप्त’ बैठक, डेढ़ घंटे तक बंद कमरे में हुई चर्चा

