सुप्रीम कोर्ट में हंगामा और CJI को गाली देने वाले लखनऊ यूनिवर्सिटी के 2 लॉ स्टूडेंट गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान हंगामा करने, मुख्य न्यायाधीश (CJI) के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने और कोर्ट की कार्यवाही बाधित करने के आरोप में लखनऊ विश्वविद्यालय के दो लॉ छात्रों को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामले में तिलक मार्ग थाने में एफआईआर दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रबल प्रताप सिंह और चंद्र भान के रूप में हुई है। प्रबल प्रताप लखनऊ विश्वविद्यालय में एलएलबी तृतीय वर्ष का छात्र है और उत्तर प्रदेश के इटावा का रहने वाला है, जबकि चंद्र भान द्वितीय वर्ष का छात्र है।

सुनवाई के दौरान मचाया हंगामा

पुलिस के अनुसार, यह घटना 10 जुलाई 2026 को सुप्रीम कोर्ट के कोर्ट नंबर-13 में हुई, जहां SLP (31367/2026) – प्रबल प्रताप व अन्य बनाम उत्तर प्रदेश सरकार की सुनवाई चल रही थी। प्रबल प्रताप स्वयं याचिकाकर्ता के रूप में अदालत में पेश हुआ था।

एफआईआर के मुताबिक, सुनवाई के दौरान उसने अदालत की कार्यवाही में बाधा डालते हुए अभद्र और अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया। आरोप है कि उसने कोर्ट रूम में मौजूद फाइलें और दस्तावेज हवा में उछाल दिए, जिससे अदालत के भीतर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इसी दौरान उसने मुख्य न्यायाधीश (CJI) के खिलाफ भी अपशब्द कहे।

सुरक्षाकर्मियों से भी की हाथापाई

जब कोर्ट में मौजूद सुरक्षाकर्मियों और स्टाफ ने उसे शांत कराने की कोशिश की, तो वह और उग्र हो गया। पुलिस का आरोप है कि उसने सुरक्षा कर्मियों के साथ हाथापाई भी की, जिससे सरकारी कर्मचारियों के आधिकारिक कार्य में बाधा उत्पन्न हुई।

दिल्ली पुलिस ने सुप्रीम कोर्ट सुरक्षा स्टाफ की शिकायत पर मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अब मामले की जांच जारी है।

Also Read: नितिन गडकरी और इथेनॉल पर कंटेंट बनाना पड़ा भारी, मनीष कश्यप समेत 4 इन्फ्लुएंसर्स पर FIR

Get real time updates directly on you device, subscribe now.