बरेली हिंसा के दो मुख्य आरोपी हाफ एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार, SP सिटी के गनर से छीनी गई एंटी रॉयट गन बरामद

Bareilly News: बरेली हिंसा मामले में पुलिस ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। मंगलवार को हाफ एनकाउंटर के बाद इदरीस और इकबाल नाम के दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। यह आमना-सामना बरेली के सीबी गंज के पास हुआ, जिसमें पुलिस की जवाबी फायरिंग में दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी।

पुलिस ने इन दोनों आरोपियों के पास से दो तमंचे बरामद किए हैं। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि पुलिस ने इनके पास से वह एंटी रॉयट गन भी बरामद कर ली है, जिसे हिंसा वाले दिन यानी 26 सितंबर को इन दोनों ने बरेली के एसपी सिटी के गनर से छीना था। इन दोनों पर हिंसा के दौरान कोतवाली के पास पुलिस टीम पर फायरिंग करने का भी गंभीर आरोप है।

दरअसल, 26 सितंबर को कोतवाली थाना क्षेत्र में इस्लामिया इंटर कॉलेज के पास कुछ असामाजिक तत्वों ने दंगा करने की कोशिश की थी। आरोपियों ने पुलिस पर ईंट-पत्थर और एसिड बोतल से हमला किया था, और उसी दौरान एक सिपाही की सरकारी एंटी रॉयट गन छीन ली गई थी।

इस मामले में पुलिस ने कई केस दर्ज किए थे। मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बण्डिया नहर हाइवे पुलिया के पास चेकिंग शुरू की। पुलिस ने जब मोटरसाइकिल पर आ रहे दो संदिग्ध लोगों (इदरीस और इकबाल) को रोकने की कोशिश की, तो आरोपियों ने फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

Also Read: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में कराया गया भर्ती

Get real time updates directly on you device, subscribe now.