पटना में भीषण सड़क हादसा, ट्रक की टक्कर से दो कांवड़ियों की मौत
Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार की राजधानी पटना में मंगलवार की सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। बैरिया बस स्टैंड के पास एक तेज रफ्तार हाईवा ट्रक ने बाइक सवार चार कांवड़ियों को टक्कर मार दी। इस हादसे में दो कांवड़ियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
यह घटना उस समय हुई, जब गौरीचक थाना क्षेत्र के चिपुरा कला गांव के रहने वाले चार युवक सावन में गंगाजल लेने के लिए बाइक से पटना के गायघाट जा रहे थे। मरने वालों की पहचान 20 वर्षीय नीरज कुमार और 23 वर्षीय बबलू कुमार के रूप में हुई है।
हादसा इतना भीषण था कि नीरज और बबलू ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। उनके साथ बाइक पर सवार दो अन्य साथी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।
आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
इस हादसे की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने पटना-मसौढ़ी मुख्य मार्ग को बैरिया मोड़ के पास जाम कर दिया और मुआवजे की मांग करने लगे। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर आगजनी भी की, जिससे यातायात बाधित हो गया।
हालात को काबू में करने के लिए गोपालपुर, गौरीचक, परसा बाजार और रामकृष्ण नगर समेत चार थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने लोगों को शांत कराया और आश्वासन दिया कि हाईवा ट्रक को जब्त कर लिया गया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को हर संभव मदद और मुआवजे का भरोसा भी दिया है।

