पलामू में पुलिस-नक्सली मुठभेड़ में दो जवान शहीद, एक घायल

Sandesh Wahak Digital Desk: झारखंड के पलामू जिले में बुधवार देर रात पुलिस और प्रतिबंधित नक्सली संगठन टीएसपीसी (तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमेटी) के बीच हुई मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मी शहीद हो गए। इस घटना में एक अन्य जवान गंभीर रूप से घायल है, जिसका इलाज चल रहा है। यह मुठभेड़ मनातू थाना क्षेत्र के केदल जंगल में देर रात लगभग 1 बजे के आसपास हुई। पलामू की एसपी रीष्मा रमेशन ने घटना की पुष्टि की है।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि 10 लाख का इनामी टीएसपीसी जोनल कमांडर शशिकांत गंझू करमा पर्व पर अपने गांव आ रहा है। इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने जंगल में सर्च ऑपरेशन चलाया। जैसे ही पुलिस टीम गांव के करीब पहुँची, नक्सलियों ने अचानक गोलीबारी शुरू कर दी। पुलिस ने भी तुरंत जवाबी कार्रवाई की।

दोनों तरफ से हुई गोलीबारी में तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। उन्हें तुरंत डालटनगंज के मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने दो जवानों संतन कुमार और सुनील राम को शहीद घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि इनमें से एक जवान पलामू एएसपी का अंगरक्षक था। तीसरे घायल जवान की हालत गंभीर बनी हुई है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, शशिकांत गंझू इस इलाके में लंबे समय से सक्रिय था और पलामू और चतरा जिलों में नक्सली गतिविधियों को अंजाम देता था। सरकार ने उस पर 10 लाख रुपये का इनाम घोषित किया हुआ है। मुठभेड़ के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेर लिया है और तलाशी अभियान तेज कर दिया है। एसपी ने शहीद जवानों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उनका बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा।

Also Read: Lucknow News: ड्यूटी पर नशे में धुत दारोगा, वीडियो वायरल होने के बाद लिया गया एक्शन

Get real time updates directly on you device, subscribe now.