जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा बलों की बड़ी कामयाबी, LoC पर दो आतंकी ढेर, श्रीनगर में 3 संदिग्ध गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा बलों ने दो अलग-अलग कार्रवाइयों में बड़ी सफलता हासिल की है। कुपवाड़ा में नियंत्रण रेखा (LoC) पर घुसपैठ की कोशिश को नाकाम करते हुए दो अज्ञात आतंकवादियों को मार गिराया गया, वहीं श्रीनगर में आतंकी साजिश को विफल करते हुए हथियार समेत तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है।

सेना की चिनार कोर को खुफिया एजेंसियों से इनपुट मिला था। इसके आधार पर घुसपैठ रोकने के लिए अभियान चलाया गया। सेना ने ‘एक्स’ पर पोस्ट में बताया कि सतर्क सैनिकों ने संदिग्ध गतिविधि देखी और चुनौती दी। आतंकवादियों द्वारा अंधाधुंध गोलीबारी शुरू करने पर हुई मुठभेड़ में दो आतंकवादियों को मार गिराया गया। इलाके में फिलहाल तलाशी अभियान जारी है।

श्रीनगर में आतंकी साजिश नाकाम

श्रीनगर पुलिस ने शुक्रवार को ममता चौक, कोनाखान डलगेट के पास नियमित वाहन जांच के दौरान तीन संदिग्ध लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस टीम ने बिना पंजीकरण संख्या वाली काले रंग की मोटरसाइकिल को रोकने का प्रयास किया, तो सवारों ने भागने की कोशिश की, जिन्हें सतर्क पुलिसकर्मियों ने तुरंत दबोच लिया।

संदिग्धों की पहचान

  • शाह मुतैयब (निवासी कुलीपोरा खानयार, श्रीनगर)
  • कामरान हसन शाह (निवासी कुलीपोरा खानयार, श्रीनगर)
  • मोहम्मद नदीम (निवासी मेरठ, उत्तर प्रदेश; वर्तमान में कावा मोहल्ला, खानयार में रह रहा है)

गिरफ्तार किए गए लोगों के पास से एक देसी कट्टा और 9 जिंदा कारतूस बरामद हुए। पुलिस अधिकारी ने बताया कि शुरुआती जांच से संकेत मिलता है कि ये आरोपी बरामद हथियार और गोला-बारूद का इस्तेमाल करके इलाके में किसी आतंकी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। इस मामले में खानयार पुलिस स्टेशन में यूएपीए (UAPA) और मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई है।

Also Read: लखनऊ नगर निगम में रोहिंग्या-बांग्लादेशी सफाईकर्मियों की भरमार, पुलिस सत्यापन का आदेश

Get real time updates directly on you device, subscribe now.