इंस्टाग्राम पर प्यार का झांसा, मुंबई भाग रहीं दो युवतियां गोरखपुर जंक्शन से बरामद
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक ही गांव की दो युवतियां इंस्टाग्राम पर एक युवक से दोस्ती और फिर प्यार होने के बाद उससे मिलने मुंबई जाने के लिए अपने घर से फरार हो गईं। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों को गोरखपुर रेलवे स्टेशन से सकुशल बरामद कर लिया है।
हीरोइन बनाने के झांसे में आईं युवतियां
घटना गोंडा के कोतवाली देहात की खोरहंसा पुलिस चौकी क्षेत्र की है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, गांव की दो युवतियों की इंस्टाग्राम पर एक युवक से दोस्ती हुई, जो जल्द ही प्यार में बदल गई। युवक उनसे घंटों मोबाइल पर बात करता और चैटिंग करता था। युवक ने उनकी सुंदरता का बखान करते हुए उन्हें बॉलीवुड में हीरोइन बनाने और इंडस्ट्री में एंट्री दिलाने का सब्जबाग दिखाया। युवक के इस झांसे में आकर दोनों युवतियां बुधवार को अपने ‘प्रेमी’ से मिलने के लिए मुंबई जाने को घर से भाग गईं।
सर्विलांस की मदद से गोरखपुर में ट्रेस
युवतियों के परिजनों ने तुरंत खोरहंसा चौकी प्रभारी वीरपाल सिंह को इसकी सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हरकत में आई और दोनों युवतियों के मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर लगाया। लोकेशन ट्रेस करने पर पता चला कि दोनों युवतियां गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर मौजूद हैं। चौकी प्रभारी वीरपाल सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम तुरंत गोरखपुर रवाना हुई और दोनों को रेलवे जंक्शन से सकुशल बरामद कर लिया।
परिजनों को सौंपा गया
पूछताछ में युवतियों ने पुलिस को बताया कि वे युवक से मिलने के लिए मुंबई जाने को घर से निकली थीं और गोरखपुर से मुंबई के लिए ट्रेन पकड़ने वाली थीं। चौकी प्रभारी वीरपाल सिंह ने बताया कि दोनों युवतियों ने यह स्वीकार किया कि उन्होंने इंस्टाग्राम पर फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार की थी, जिसके बाद चैटिंग और फोन पर बातचीत शुरू हुई थी। पुलिस ने दोनों युवतियों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
रिपोर्ट: ए.आर.उस्मानी
Also Read: ‘यह फर्जी वोट डलवाएंगे, लेकिन…’, बिहार में CM योगी का राजद-कांग्रेस पर तीखा हमला

