वियतनाम में तूफान बुआलोई का तांडव, बाढ़-भूस्खलन से अब तक 51 लोगों की मौत
Sandesh Wahak Digital Desk: वियतनाम में आए भीषण तूफान बुआलोई और उसके बाद की बाढ़ एवं भूस्खलन ने उत्तरी और मध्य क्षेत्रों में भारी तबाही मचाई है। वियतनाम आपदा एवं डाइक प्रबंधन प्राधिकरण की शुक्रवार को जारी रिपोर्ट के अनुसार, इस आपदा में मरने वालों की संख्या 51 तक पहुँच गई है, जबकि 14 लोग अब भी लापता हैं और 164 लोग घायल हुए हैं।
शुरुआती अनुमानों के मुताबिक, देश को लगभग 15.9 ट्रिलियन वियतनामी डोंग (करीब 608 मिलियन अमेरिकी डॉलर) का आर्थिक नुकसान हुआ है। इस तूफान की चपेट में आने से 2 लाख 38 हजार से अधिक घर क्षतिग्रस्त या जलमग्न हो गए। लगभग 89,000 हेक्टेयर चावल और अन्य फसलें बर्बाद हो गईं।
बुनियादी ढांचे को भी गंभीर नुकसान हुआ है। 8,800 से अधिक बिजली के खंभे गिर गए हैं और लगभग 4 लाख 68 हजार घरों में अभी भी बिजली गुल है। करीब 1,500 स्कूल भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। तूफान के कारण वियतनाम के कई हिस्सों में 300 मिलीमीटर से अधिक बारिश दर्ज की गई, जिससे कई गाँव पूरी तरह से जलमग्न हो गए थे।
प्रधानमंत्री ने आपातकालीन सहायता पैकेज को दी मंजूरी
वियतनाम न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, प्रधानमंत्री फाम मिन्ह चिन्ह ने गुरुवार को 15 प्रभावित इलाकों के लिए एक आपातकालीन राहत पैकेज को मंजूरी दे दी है। इससे पहले उन्होंने 30 सितंबर को ही स्थानीय अधिकारियों को प्रभावित निवासियों की तत्काल मदद करने का निर्देश दिया था। प्रधानमंत्री ने शोक संतप्त परिवारों और निवासियों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।
उन्होंने अधिकारियों को आदेश दिया है कि जल्द से जल्द अलग-थलग पड़े इलाकों तक पहुंचने के लिए सेना और वाहन जुटाए जाएं। साथ ही, क्षतिग्रस्त घरों की मरम्मत करवाई जाए और प्रभावितों के लिए आश्रयों की व्यवस्था की जाए। प्रधानमंत्री ने 5 अक्टूबर से पहले क्षतिग्रस्त शैक्षणिक और चिकित्सा सुविधाओं की मरम्मत कराने का भी निर्देश दिया है।
Also Read: Bareilly News: जुमे की नमाज से पहले शहर छावनी में तब्दील, 48 घंटे के लिए इंटरनेट बंद

