Lucknow News: गंदगी देख भड़के प्रभारी मंत्री, बोले- यह बर्दाश्त नहीं, अधिकारियों के वेतन काटने का दिया आदेश
Lucknow News: नवाबों के शहर लखनऊ की सफाई व्यवस्था की पोल शुक्रवार सुबह उस वक्त खुल गई, जब प्रदेश के वित्त एवं प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना और मेयर सुषमा खर्कवाल अचानक निरीक्षण करने सड़कों पर उतर आए। गंदगी और अतिक्रमण का ऐसा आलम था कि मेयर को यहाँ तक कहना पड़ा कि ऐसा लगता है जैसे यहाँ एक महीने से झाड़ू ही नहीं लगी है।
निरीक्षण के दौरान ज़ोन-1 के कई वार्डों (विक्रमादित्य, लालकुआं, जेसी बोस, यदुनाथ सान्याल और बाबू बनारसी दास वार्ड) में सड़कों पर कचरे के ढेर और नालियों में गंदगी मिली। नाराज प्रभारी मंत्री ने लापरवाही बरतने वाले जोनल अधिकारी से लेकर सुपरवाइजर तक का 2 दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। मंत्री ने साफ कर दिया कि वह 30 जनवरी को दोबारा निरीक्षण करेंगे और तब तक व्यवस्था दुरुस्त होनी चाहिए।

गोबर और शिकायतों का अंबार
जब मेयर ने स्थानीय लोगों से सफाई का हाल पूछा, तो जनता का दर्द छलक पड़ा। लोगों ने बताया कि कागज पर तो झाड़ू लगती है, लेकिन जमीन पर गंदगी वैसी ही रहती है। सड़कों पर जगह-जगह गोबर पड़ा मिला। PWD कार्यशाला की सड़क पर अवैध अतिक्रमण देखकर मंत्री ने नाराजगी जताई। कई जगहों पर नालियों के अंदर से पेयजल की पाइपलाइन गुजरती मिली, जिसे तुरंत शिफ्ट करने का आदेश दिया गया।

नगर आयुक्त गौरव कुमार के साथ निरीक्षण करते हुए मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि शहर की ड्रेनेज व्यवस्था को प्राथमिकता के आधार पर सही किया जाए। डायमंड डेयरी के पास पंपिंग स्टेशन की बदहाली पर भी उन्होंने कड़ा रुख अपनाया।
Also Read: Jhansi News: पति ने पत्नी को होटल रूम में दूसरे के साथ पकड़ा, प्रेमी बिस्तर के नीचे जा छिपा

